Posted on 07 Jul, 2018 8:47 am

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में विकास योजनाओं के माध्यम से लोगों की जिंदगी बदलने का काम किया जा रहा है। प्रदेश ने विकास की अनेक उपलब्धियाँ हासिल की हैं। इनमें सहकारिता क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज यहाँ मुख्यमंत्री निवास पर जिला सहकारी बैंकों के अध्यक्षों को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सहकारी संस्थाएँ किसानों तक राज्य शासन की योजनाओं का लाभ पहुँचाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि संबल योजना गरीब श्रमिकों के जीवन में निश्चित रूप से सकारात्मक बदलाव लायेगी। प्रदेश को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाया जायेगा। सहकारिता राज्यमंत्री श्री विश्वास सारंग ने कहा कि कृषि विकास के क्षेत्र में सहकारी संस्थाओं का बड़ा योगदान है। पिछले वर्षों में प्रदेश की तकदीर और तस्वीर बदली है।

कार्यक्रम को अपेक्स बैंक के अध्यक्ष श्री रमाकांत भार्गव ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर इंदौर प्रीमियर कोआपरेटिव बैंक की स्मारिका शताब्दी दर्पण का विमोचन भी किया।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश