प्रदेश के चिकित्सालयों में हैं पर्याप्त ऑक्सीजन सिलेण्डर
Posted on 14 Aug, 2017 6:05 pm
भोपाल : सोमवार, अगस्त 14, 2017, 17:20 IST | |
प्रदेश के सभी शासकीय चिकित्सालयों में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन सिलेण्डर उपलब्ध हैं। इसके अलावा चिकित्सालयों में 700 से अधिक ऑक्सीजन कंसेन्ट्रेटर भी मौजूद हैं। अभी तक प्रदेश के किसी भी शासकीय चिकित्सालय में ऑक्सीजन की कोई समस्या नहीं आयी है। यह जानकारी आज स्वास्थ्य आयुक्त की समीक्षा बैठक में दी गयी। यह समीक्षा बैठक उत्तरप्रदेश के गोरखपुर में ऑक्सीजन न होने के कारण बच्चों की मृत्यु की घटना के परिप्रेक्ष्य में आयोजित की गयी थी। संचालक स्वास्थ्य सेवाएँ ने प्रदेश के सभी क्षेत्रीय स्वास्थ्य संचालकों, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और सिविल सर्जन-सह-मुख्य अस्पताल अधीक्षक को निर्देश जारी कर सभी चिकित्सालयों और स्वास्थ्य संस्थाओं में पर्याप्त संख्या में ऑक्सीजन सिलेण्डर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। इनसे कहा गया है कि ऑक्सीजन की सतत आपूर्ति रखें और किसी भी चिकित्सालय में कभी भी ऑक्सीजन की कमी न रहने दें। |
साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश