Posted on 04 Jan, 2017 6:54 pm

भोपाल : बुधवार, जनवरी 4, 2017, 18:08 IST
 

जिले की समस्त शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में प्रतिभा पर्व 2016-17 का आयोजन 18, 19 एवं 20 जनवरी को किया जाएगा। प्रतिभा पर्व अंतर्गत शालेय संचालन की स्थिति एवं कक्षा एक से 8 तक बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धियों का आंकलन होगा। प्रतिभा पर्व मूल्यांकन को अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाने की दृष्टि से यूनिसेफ के सहयोग से प्रतिभा पर्व में कक्षा 3, 5 एवं 8 हेतु नेशनल एचिवमेंट सर्वे के मापदण्डों के अनुसार मूल्यांकन कार्य किया जा रहा है। इस मूल्यांकन के आधार पर बच्चों व शिक्षकों की वास्तविक अकादमिक आवश्यकताओं को पता किया जा सकेगा। कक्षा 3, 5 एवं 8 में हिन्दी, गणित, पर्यावरण, विज्ञान विषय के प्रश्नों के स्वरूप में बदलाव किया गया है, शेष कक्षाओं में प्रतिभा पर्व मूल्यांकन गत वर्षानुसार ही होगा।

प्रतिभा पर्व अंतर्गत प्रथम व द्वितीय दिवस विषय आधारित मूल्यांकन किया जाएगा। प्रतिभा पर्व के तृतीय दिवस बालसभा को आनंद उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। आनंद उत्सव विद्यालय का वार्षिक उत्सव होगा, जिसमें साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों का आयोजन कराया जाएगा।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश