Posted on 10 Apr, 2018 9:44 pm

 

वर्तमान में पाँच रुपये में जहाँ एक प्याली चाय बमुश्किल मिलती है, दीनदयाल अन्त्योदय रसोई योजना में मात्र पाँच रुपये में गरीबों और मजदूरों को भरपेट स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध हो रहा है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की इस अभिनव पहल से जबलपुर जिला मुख्यालय में संचालित दीनदयाल अन्त्योदय रसोई योजना में प्रात: 11 बजे से 3 बजे तक हर रोज 700-800 लोग भोजन करते हैं।

जबलपुर जिला मुख्यालय पर राजा गोकुलदास धर्मशाला में 7 अप्रैल, 2017 से संचालित इस योजना में एक वर्ष में 3 लाख 22 हजार से अधिक निर्धन, निराश्रित ओर जरूरतमंद व्यक्ति भोजन कर चुके हैं। रसोई का संचालन दिल्ली की सामाजिक संस्था घनश्याम सेवा समिति द्वारा किया जा रहा है। नगर निगम द्वारा भी रसोई के व्यवस्थित संचालन के लिये कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाती है। संचालन समिति को हर माह 90 क्विंटल गेहूँ और 60 क्विंटल चावल उपलब्ध करवाया जाता है। दानदाताओं की दृष्टि से भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा सिविल लाइन में खाता नम्बर 36741816666 खोला गया है। यहाँ पिछले एक साल में 91 हजार रुपये दान स्वरूप प्राप्त हुए हैं।

अत्याधुनिक रसोईघर, बड़ा सा साफ-सुथरा भोजन कक्ष, बैठकर खाने के लिये टेबल-कुर्सी, साफ पीने का पानी और साफ-सफाईयुक्त शौचालय की व्यवस्था राजा गोकुलदास धर्मशाला परिसर में की गई है।

जबलपुर के मुख्य रेलवे स्टेशन के पास गोकुलदास धर्मशाला में दीनदयाल रसोई संचालित होने के कारण गरीब तबके के यात्री, मेहनत-मजदूरी करने वाले श्रमिक, रिक्शा-चालक, नौकरी एवं सेना भर्ती में आने वाले लोग तथा दवा-इलाज के लिये अन्य जिलों और दूर-दराज के गाँवों से आने वाले लोग पाँच रुपये में गरमागरम भोजन करते हैं। समय-समय पर जन-प्रतिनिधि, विधायक, कलेक्टर रसोई की व्यवस्था का निरीक्षण करते हैं।

जिले के विभिन्न वर्गों के लोग अपने जन्म-दिन तथा परिजनों की पुण्य-तिथि, श्राद्ध आदि अवसरों पर गरीबों को भोजन कराते हैं। यहाँ काम करने वाले लोग खाना बनाने से लेकर परोसने तक का कार्य पूर्णत: सेवाभाव से करते हैं।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent