Posted on 28 Jan, 2017 5:40 pm

 

1.14 करोड़ बच्चों को पोलियो ड्राप दी जायेगी 
माता-पिता को विशेष आमंत्रण पत्र भेजकर सहयोग के लिए अनुरोध 

 

भोपाल : शनिवार, जनवरी 28, 2017, 17:33 IST

 

प्रदेश में पल्स पोलियो अभियान में 29 जनवरी को बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाई जायेगी। राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. संतोष शुक्ला ने बताया कि राज्य में कुल एक करोड़ 14 लाख बच्चों को टीकाकरण के लिए चिन्हित कर लिया गया है। इस बार बच्चों के अभिभावकों को 60 लाख आमंत्रण-पत्र भेजकर अभियान में शामिल होने एवं बच्चों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने के लिए कहा जा रहा है।

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का प्रथम चरण 29 जनवरी को सभी 51 जिलों में होगा। इसमें 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पहले दिन बूथ पर तथा इसके बाद घर-घर जाकर दी जायेगी। इसके लिए 81703 बूथ, 2067 ट्रांजिट बूथ, 1491 मोबाईल टीमें बनाई गई हैं। एक लाख 64 हजार से अधिक वैक्सीनेटर और 12 हजार 310 सुपरवाईजर इस कार्य में लगाये गये हैं, जो यह सुनिश्चित करेंगे कि एक भी बच्चा एवं एक भी घर बिना टीकाकरण के न रहे।

टीकाकरण के लिए 1.45 करोड़ बी ओपीव्ही वैक्सीन सभी ब्लॉक स्तर पर भेज दी गई है। अंतर्विभागीय समन्वय के लिए मिशन संचालक श्री व्ही.किरण गोपाल ने सभी विभाग प्रमुखों तथा जिला कलेक्टर को पत्र भेज कर सहयोग करने का आग्रह किया है।

 

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश