Posted on 02 Jul, 2017 6:35 pm

भोपाल : रविवार, जुलाई 2, 2017, 18:17 IST
 

राजस्व, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता ने कहा कि मध्यप्रदेश में पौधा-रोपण के क्षेत्र में देश ही नहीं पूरी दुनिया में एक नया इतिहास रचा है। पौधा-रोपण महा-अभियान से पर्यावरण संतुलित होगा और उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के प्रतिकूल प्रभाव से निपटने में भी मदद मिलेगी। देवगुराड़िया में मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता ने पौधरोपण किया।

जीवनदायिनी माँ नर्मदा नदी के संरक्षण एवं पर्यावरण सुधार के लिये मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर शुरू किये गये नमामि देवी नर्मदे अभियान में आज पौधरोपण के क्षेत्र में रचे जाने वाले नये इतिहास एवं रिकार्ड में सहभागी तथा साक्षी बनने के लिये इंदौर जिले में जनसैलाब उमड़ पड़ा। खुशनुमा एवं उत्सवी माहौल में आज हजारों नागरिकों ने नर्मदा बेसिन में आने वाले जिले के 152 गाँवों के 1387 स्थानों पर 13 लाख 32 हजार से अधिक पौधे एक दिन में रोपे। जिले का मुख्य कार्यक्रम प्रसिद्ध रमणीय स्थल देवगुराड़िया में राजस्व मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। देवगुराड़िया को भी हरा-भरा बनाने के लिये हजारों लोग एक साथ जुट गये। इनके साथ ही जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पौध-रोपण किया। 

देवगुराड़िया में 15 हजार से अधिक लोगों ने एक साथ पौधरोपण किया। इस पहाड़ी पर 35 हजार पौधे रोपे गये। पौधरोपण के कार्य में विशेष रूप से पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय के नवप्रशिक्षु, पुलिस जवान, एनसीसी एवं एनएसएस के कैडेट, गुजराती समाज, गुर्जर समाज सहित अन्य सामाजिक संगठनों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। पौधरोपण के लिये जहाँ तीन वर्ष की बालिका सारना जोशी भी शामिल हुई, वहीं नब्बे वर्ष के बुजुर्ग श्री रामसिंह पटेल भी शामिल हुए।

जिले में प्रमुख रूप से तिंछा, पीपल्दा, बाइघाट, चोरल, उमट, नाहर झाबुआ, आशापुरा, मांगलिया, कालाकुंड सहित चोरल से लेकर ओंकारेश्वर तक की पहाड़ी पर लाखों पौधे एक ही दिन में रोपित किये गये। पौधों के रोपण कार्य में जनप्रतिनिधियों के साथ ही अधिकारी-कर्मचारियों और नागरिकों ने भी उत्साह से भाग लिया। जिले में आज प्रमुख रूप से बड़, बरगद, पीपल, गूलर, नीम, करंज, शीशम, आम, कटहल, सुरजना, जाम, महुआ, इमली, बेल पत्र, आंवला, जामुन, कबीट, सीताफल, बेहड़ा, करंज, चिरोल, खैर, कस्टार, साजा, अर्जुन सहित अन्य बहुउपयोगी पौधे रोपित किये गये। संभागायुक्त श्री संजय दुबे और एडीजी श्री अजय शर्मा ने चोरल में पौधरोपण किया। 

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent