Posted on 22 Nov, 2016 7:40 pm

भोपाल : मंगलवार, नवम्बर 22, 2016, 19:27 IST
 

मध्यप्रदेश के स्कूलों में आनंददायी वातावरण के निर्माण, कक्षा शिक्षण को रोचक तथा प्रभावी बनाने और विद्यार्थियों की पठन क्षमता के विकास की दृष्टि से कहानी उत्सव मनाया जायेगा। प्रसिद्ध शिक्षाविद् गिजुभाई वाधेका की शिक्षण विधि में कथा/कहानी को कक्षा-गत शिक्षण में आने वाली अनेक समस्याओं का समाधान माना गया है। व्यवस्था, अनुशासन, एकाग्रता, भाषा विकास, इतिहास बोध, लोक संस्कृति से परिचय आदि के लिए भी कहानी सर्वश्रेष्ठ विधि मानी गई है। स्कूल शिक्षा मंत्री कुँवर विजय शाह के निर्देश पर बच्चों के व्यक्तित्व के सर्वागींण विकास के उद्देश्य से प्रदेश के सभी स्कूलों में कहानी उत्सव के आयोजन के लिये निर्देश दिए गए हैं।

प्रदेश के सभी शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक स्कूलों में कहानी उत्सव शिक्षाविद गिजुभाई के जन्मदिन 29 नवम्बर 2016 को होगा। उत्सव में प्रत्येक समूह से श्रेष्ठ कहानी पढ़ने वाले सदस्य का चयन किया जाकर उन्हें जन शिक्षा केन्द्र स्तर के ''शैक्षिक संवाद'' में कहानी पढ़ने का अवसर दिया जायेगा। जन शिक्षा केन्द्र स्तर पर सर्वश्रेष्ठ कहानी पढ़ने वाले को 12 दिसम्बर 2016 को राष्ट्रकवि श्री मैथिलीशरण गुप्त की पुण्य-तिथि पर विकासखण्ड स्तर पर होने वाले 'कहानी-उत्सव' के लिये चुना जायेगा। विकासखंड स्तर के समूहवार सर्वश्रेष्ठ कहानी पढ़ने वालों को 12 जनवरी 2017 को स्वामी विवेकानन्द की जयन्ती पर जिला स्तरीय 'कहानी-उत्सव' में शामिल होने का मौका प्राप्त होगा। प्रत्येक ज़िले से चयनित समूहवार विद्यार्थी एवं शिक्षक की सहभागिता राज्य स्तर पर होने वाले कहानी उत्सव में होगी। राज्य स्तरीय कहानी उत्सव भोपाल में होगा।

स्कूल शिक्षा मंत्री कुँवर विजय शाह ने प्रदेश के सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों, शाला प्रबंधन समितियों के सदस्यों, जन-प्रतिनिधियों एवं जन-समुदाय से कहानी उत्सव में सक्रिय भागीदारी करते हुए बच्चों में पढ़ने की आदत को बढ़ावा देने के लिए आगे आने का आग्रह किया है।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश