Posted on 15 May, 2018 9:09 pm

 

खेल और युवा कल्याण संचालनालय में आज नवागत खेल संचालक डाँ. एस.एल. थाउसेन ने अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। इससे पूर्व उन्होंने प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर पूर्व खेल संचालक श्री उपेन्द्र जैन भी उपस्थित थे। 

 नवागत खेल संचालक डाँ. एस.एल. थाउसेन ने आज संचालक खेल और युवा कल्याण के पद पर अपना कार्यभार ग्रहण किया। इस मौके पर मौजूद पूर्व खेल संचालक श्री उपेन्द्र जैन ने नवागत खेल संचालक डाँ. थाउसेन का स्वागत किया और उन्हें विभागीय खेल गतिविधियों से अवगत कराया। श्री जैन ने विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं खेल प्रशिक्षकों से परिचय भी कराया।  

 गौरतलब है कि राज्य शासन द्वारा वर्ष 1988 बैच के आई.पी.एस. अधिकारी ए.डी.जी. डाँ. एस.एल. थाउसेन को विशेष सशस्त्र पुलिस बल (एस.ए.एफ) से स्थानांतरित कर संचालक खेल और युवा कल्याण के पद पर भोपाल में पदस्थ किया गया है। डाँ. थाउसेन देश की राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात एस.पी.जी. (स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप) में डी.आई.जी. एवं आई.जी. के पद पर रहकर सफलतापूर्वक कार्य कर चुके हैं। डाँ. थाउसेन भोपाल में एडीजी अजाक और डी.आई.जी एस.ए.एफ. के पद का दायित्व भी कुशलता के साथ सम्हाल चुके हैं। वे उज्जैन और विदिशा में पुलिस अधीक्षक के पद पर भी पदस्थ रहे हैं।

लक्ष्य लेकर कार्य करें- खेल संचालक

खेल संचालक डाँ. एस.एल. थाउसेन ने खेल प्रशिक्षकों की एक बैठक में खेल सुविधाओं, उपकरणों और खिलाड़ियों के लिए की गई विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रत्येक खेल प्रशिक्षक से रूबरू चर्चा कर परिचय प्राप्त किया और खिलाड़ियों की उपलब्धियों के संबंध में आवश्यक जानकारी ली। खेल संचालक डाँ. थाउसेन ने प्रशिक्षकों से कहा कि वे खिलाड़ियों के खेल कौशल को निखारने के लिए लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करें और प्रशिक्षण को परिणामदायी बनाएं। बैठक में संयुक्त संचालक खेल डॉ. विनोद प्रधान एवं श्री बी.एस. यादव सहित विभागीय अधिकारी और विभिन्न खेल अकादमियों के खेल प्रशिक्षक मौजूद थे।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश