Posted on 09 Mar, 2017 9:06 pm

 

तकनीकी शिक्षा राज्य मंत्री श्री दीपक जोशी देवास के लोहारदा में जन-संवाद कार्यक्रम में
मुस्लिम और सिख समुदाय हो रहा यात्रा में शामिल 

 

भोपाल : गुरूवार, मार्च 9, 2017, 19:43 IST
 

तकनीकी शिक्षा राज्य मंत्री श्री दीपक जोशी ने कहा है कि मध्यप्रदेश में नर्मदा स्वच्छता अभियान ने जन-आंदोलन का रूप ले लिया है। नर्मदा स्वच्छता रूपी यज्ञ में प्रत्येक व्यक्ति की आहुति जरूरी है। उन्होंने कहा कि यात्रा को भारी जन-समर्थन मिला है। राज्य मंत्री श्री जोशी आज यात्रा के 89वें दिन देवास जिले के कन्नौद विकासखंड के लोहारदा में जन संवाद को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।

राज्य मंत्री श्री जोशी ने कहा कि नर्मदा नदी मध्यप्रदेश की जीवन-रेखा है। यदि आज हमने इसके संरक्षण का अभियान नहीं चलाया होता तो आने वाली पीढ़ी जिस तकलीफ का सामना करती, उसकी कल्पना करना भी मुश्किल है। श्री जोशी ने कहा कि माँ नर्मदा की मालवांचल पर विशेष कृपा रही है। इस अंचल से नर्मदा नदी से बनने वाली बिजली से प्रदेश के कई क्षेत्र रोशन हो रहे हैं। नर्मदा नदी का पानी इंदौर, भोपाल, जबलपुर जैसे बड़े नगरों के लोगों की प्यास बुझा रहा है। उन्होंने जन-समुदाय को नर्मदा नदी को स्वच्छ रखने का संकल्प भी दिलाया।

राज्यमंत्री श्री जोशी ने कहा कि उज्जैन में हुए सिंहस्थ में माँ नर्मदा का पानी क्षिप्राजी में प्रवाहित किया गया था, जिसमें करोड़ों श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ स्नान किया था।

जन-अभियान परिषद के उपाध्यक्ष प्रदीप पांडे ने कहा कि नर्मदा स्वच्छता अभियान को दुनिया के 171 देश में सराहना मिली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान देशभर में सामाजिक बदलाव के नेता के रूप में उभर कर सामने आए हैं। श्री पांडे ने कहा कि नर्मदा किनारे एक किलोमीटर तक फलदार वृक्ष लगने से किसान आर्थिक रूप से मजबूत होंगे। प्रदेश को शराब मुक्त बनाने में यह यात्रा प्रभावी साबित होगी। पर्यावरणविद श्री सुनील चतुर्वेदी ने कहा कि नदी का सूखना मानव सभ्यता के नष्ट होने के लिए खतरे की घंटी है। पर्यावरणविद श्री चतुर्वेदी ने कहा कि नदी संरक्षण केवल सरकार का काम नहीं है। प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी से ही नदियों को बचाने का कार्य हो सकता है। विधायक श्री चंपालाल देवड़ा ने भी संबोधित किया।

सदभावना की मिसाल

नर्मदा सेवा यात्रा जब अपने पड़ाव पर काँटाफोड़ पहुँची तो यहाँ पर अंजुमन कमेटी, मदीना मस्जिद कमेटी के प्रतिनिधियों ने यात्रियों का पुष्पों से स्वागत किया। इसके अलावा सिख समुदाय ने भी यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मुस्लिम प्रतिनिधियों का कहना था कि नर्मदा नदी से हमेशा बगैर भेदभाव के सभी वर्ग पोषित एवं पल्लवित होते रहे हैं, इसलिए नर्मदा नदी के संरक्षण की जिम्मेदारी सभी वर्गों की है।

यात्रा का भव्य स्वागत

नर्मदा सेवा यात्रा गुरुवार की सुबह पीपरी से रवाना हुई। यात्रा किशनगढ़, रातातलाई, भीकूपुरा, पुंजापुरा, पलासी, बोरखाल्या, गादिया से होते हुए कन्नौद विकासखंड के ग्राम सिंगोड़ी, गोदना, कानड़ा, काँटाफोड़ होते हुए लोहारदा पहुँची। सभी ग्रामों में यात्रा का भव्य स्वागत हुआ। जगह-जगह महिलाओं ने कलश के साथ यात्रा की अगवानी की। यात्रा मार्ग के सभी ग्रामों के मकानों में रांगोली सजाई गई थी।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश