Posted on 27 Sep, 2018 10:29 pm

 

मुख्यमंत्री बाल श्रवण योजना दिलीप चौहान के घर खुशियों की झंकार लेकर आई है। अलीराजपुर जिले के मालवेली गाँव के पेशे से मजदूर दिलीप की चार वर्षीय बेटी पायल जन्म से ही बोल और सुन नहीं सकती थी। ऑपरेशन करवाने की हैसियत भी नहीं थी। इसी दौरान गाँव में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम पहुँची। टीम की सहायता से पायल का नि:शुल्क ऑपरेशन हुआ। नन्हीं पायल अब न केवल बोलने और सुनने लगी है, बल्कि आजाद नगर के निजी स्कूल में पढ़ने भी जाने लगी है।

विहान और रामराजा की हुई नि:शुल्क हृदय शल्य चिकित्सा

मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना होशंगाबाद जिले के 3 वर्षीय विहान और पन्ना जिले के 17 वर्षीय रामराजा के लिये वरदान सिद्ध हुई है। मालाखेड़ी निवासी जितेन्द्र सिंह यादव का बेटा विहान गंभीर हृदय रोग से पीड़ित था। पिता की आर्थिक स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय ने विहान के ऑपरेशन के लिये 1 लाख 50 हजार रुपये का स्टीमेट स्वीकृत कराने में मदद की। चिरायु मेडीकल कॉलेज में सफल ऑपरेशन के बाद विहान स्वस्थ है और आम बच्चों की तरह खेलने-कूदने लगा है।

पन्ना जिले के देवेन्द्र नगर निवासी रामराजा गौड़ को बचपन से ही सीने में दर्द और घबराहट की समस्या थी। इसके चलते वह प्रारंभिक शिक्षा भी पूरी नहीं कर पाया। आर्थिक स्थिति के कारण बड़े डॉक्टरों को भी नहीं दिखाया। एक दिन अचानक तबीयत बिगड़ने पर पिता ने उसे पन्ना जिला अस्पताल में दिखाया। वहाँ रामराजा को पूरी सहायता देते हुए 80 हजार रुपये का प्रकरण स्वीकृत कराया गया। शेल्वी हास्पिटल जबलपुर में सफल हृदय ऑपरेशन के बाद रामराजा अब स्वस्थ है। माता-पिता शासन को दुआएँ दे रहे हैं।

अनूपपुर में जच्चा-बच्चा को मिला 1.30 करोड़ का हितलाभ

प्रसव पूर्व जाँच एवं संस्थागत प्रोत्साहन योजना में अनूपपुर जिले में अब तक असंगठित श्रमिकों को एक करोड़ 30 लाख के हितलाभ का अन्तरण किया जा चुका है। आर्थिक रूप से कमजोर इन परिवारों को योजना का लाभ मिलने से हितग्राही जच्चा और बच्चा दोनों को ही अच्छा स्वास्थ्य लाभ मिला है। योजना में 447 हितग्राहियों को लगभग 12 लाख और संस्थागत प्रसव प्रोत्साहन राशि योजना में 1109 असंगठित श्रमिकों को एक करोड़ 18 लाख की प्रोत्साहन राशि का अन्तरण किया जा चुका है।

 

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent