Posted on 03 Dec, 2016 6:30 pm

भोपाल : शनिवार, दिसम्बर 3, 2016, 17:53 IST
 

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह की पहल पर राज्य शासन ने ग्वालियर के मुरार केन्ट को चुंगी क्षतिपूर्ति राशि देने का निर्णय लिया है। इस निर्णय का मंत्रि-परिषद की बैठक में भी अनुमोदन किया गया है। इस निर्णय से अब मुरार केन्ट को प्रतिवर्ष लगभग 5 करोड़ 50 लाख रूपये प्राप्त होंगे।

उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश में पाँच केन्ट में से महू, जबलपुर, सागर और पचमढ़ी केन्ट को चुंगी क्षतिपूर्ति की राशि मिलती थी। इसमें मुरार केन्ट शामिल नहीं था। मंत्री श्रीमती माया सिंह ने इस संबंध में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से चर्चा की और मुरार केन्ट को भी यह राशि देने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद राज्य शासन ने इस संबंध में प्रस्ताव भेजा जिसका अनुमोदन मंत्रिमण्डल की बैठक में किया गया।

चुंगी क्षतिपूर्ति राशि मिलने पर इस क्षेत्र के नगारिकों को मूलभूत सुविधाएँ प्राप्त होंगी और केन्ट का विकास भी अन्य क्षेत्रों के समकक्ष हो सकेगा।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश