Posted on 03 Apr, 2018 7:45 pm

 

श्रम राज्य मंत्री श्री बालकृष्ण पाटीदार ने देश में पहली बार निर्माण श्रमिकों के हितलाभों की राशि का भुगतान ईपीओ के माध्यम से सीधे उनके खाते में हस्तांतरण करने की ऑनलाइन प्रणाली का शुभारंभ किया। मंत्री श्री पाटीदार ने कहा कि मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य संन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल द्वारा निर्माण श्रमिकों के हित में 21 कल्याणकारी योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। सभी योजनाओं के हितलाभों तथा प्रशासकीय व्ययों को केन्द्रीयकृत खाते से ईपीओ इलेक्ट्रानिक पेमेंट सिस्टम से किया जा रहा है। इस पहल से सभी हितग्राहियों को हितलाभ राशि पारदर्शी तरीके से सीधे उनके बचत खाते में हस्तांतरित की जा सकेगी। साथ ही हितलाभ राशि वितरण के लिये बजट अनुपलब्धता की स्थिति नहीं रहेगी। हितग्राही को वास्तविक भुगतान की जानकारी वाइस कॉल अलर्ट से दी जायेगी। श्रमिकों के हित में इस तरह की ऑनलाइन एवं ई-पेमेंट प्रणाली को लागू करने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है।

प्रमुख सचिव श्रम श्री अश्विनी राय ने प्रणाली की जानकारी दी। पोर्टल का शुभारंभ मंत्री श्री पाटीदार ने हितग्राही श्री मकसूद खान की उपस्थिति में उनकी पुत्री का विवाह सहायता आवेदन स्वीकृत करते हुए 25 हजार रुपये की हितलाभ राशि का ईपीओ भुगतान जारी कर किया।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent