Posted on 09 Sep, 2018 6:59 pm

 

भोपाल के वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में वयोवृद्ध सिंहनी जमुना की आज सुबह मृत्यु हो गई। जमुना ने उम्र के 25 वर्ष पूरे कर लिये थे, 26वें वर्ष में चल रही थी। जमुना की गिनती देश की सबसे उम्र दराज स्वस्थ्य सिंहनियों में की जाती थी। सिंह की औसत आयु 14-15 वर्ष होती है।

जमुना को वर्ष 2010 में 17 वर्ष की उम्र में भिलाई के राजमहल सर्कस से मुक्त कराकर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से वन विहार लाया गया था। वन विहार प्रबंधन की विशेष देखभाल के कारण जमुना ने अपनी औसत आयु से बहुत अधिक जीवन प्राप्त किया। वन विहार में वन्य प्राणी चिकित्सक द्वारा विशेष देखभाल के अलावा उसे विटामिन और मिनरल्स भी दिये जा रहे थे।

जमुना को किसी भी प्रकार की कोई बीमारी नहीं थी। पोस्ट मार्टम में प्रथम दृष्टया जमुना की मृत्यु का कारण वृद्वावस्था में आंतरिक अंगों का काम न करना पाया गया। शोकाकुल माहौल में जमुना को पूर्ण सम्मान के साथ संचालक सहित समस्त स्टाफ की उपस्थिति में अंतिम बिदाई दी गई।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent