Posted on 01 Apr, 2017 6:06 pm

 

भोपाल : शनिवार, अप्रैल 1, 2017, 17:03 IST

 

मूर्धन्य शास्त्रीय गायक पंडित कुमार गंधर्व की स्मृति में 8-9 अप्रैल को देवास में संगीत समारोह होगा। पहले दिन एक साथ वर्ष 2013 से 2016 के राष्ट्रीय कुमार गंधर्व सम्मान अलंकरण सम्मान भी होगा।

प्रमुख सचिव संस्कृति श्री मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि वर्ष 2013 के राष्ट्रीय कुमार गंधर्व सम्मान से नासिक की सुविख्यात गायिका सुश्री मंजरी असनारे केलकर, वर्ष 2014 के सम्मान से मुम्बई के जाने-माने रुद्रवीणा वादक श्री बहाउद्दीन डागर, वर्ष 2015 के सम्मान से त्रिचूर की प्रतिभाशाली कुडिअट्टम नृत्यांगना सुश्री कपिला वेणु और वर्ष 2016 के सम्मान से पुणे की विख्यात गायिका सुश्री मंजूषा कुलकर्णी पाटिल विभूषित होंगी।

प्रमुख सचिव ने बताया कि संस्कृति विभाग द्वारा सम्मानित होने वाले प्रमुख कलाकारों को सवा लाख रुपये की सम्मान राशि, सम्मान पट्टिका से शॉल-श्रीफल दिया जायेगा।

सम्मानित कलाकारों की होगी प्रस्तुति

पहले दिन 8 अप्रैल को सुश्री मंजूषा कुलकर्णी पाटिल का गायन एवं श्री बहाउद्दीन डागर द्वारा रुद्रवीणा वादन की प्रस्तुति होगी। दूसरे दिन सुश्री मंजरी असनारे केलकर का गायन एवं सुश्री कपिला वेणु का नृत्य प्रदर्शन होगा। इसके अलावा नई दिल्ली के प्रतिभाशाली युगल कलाकार शुभेन्द्र राव एवं सकिस्कया राव दे हास द्वारा सितार एवं चेलो की जुगलबंदी होगी। दोनों दिन समारोह देवास के मल्हार स्मृति मंदिर में शाम 7.30 बजे से होगा। प्रवेश नि:शुल्क है।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश