Posted on 04 Jan, 2017 2:43 pm

भोपाल : बुधवार, जनवरी 4, 2017, 13:49 IST
 

सभी घर के द्वार रांगोली से सजे थे, घर-आँगन साफ- सुथरे, मानो दीपावली का त्यौहार आ रहा हो। यह दृश्य था मुआर ग्राम का। नरसिंहपुर की जनपद पंचायत गोटेगाँव का एक गाँव जहाँ की मुख्य सड़क नर्मदा घाट तक गोबर से लिपी हुई थी। यहाँ की महिलाएँ कतारबद्ध होकर सिर पर कलश लिये स्वागत को आतुर थी, नमामि देवि नर्मदे‘- सेवा यात्रा के। यह यात्रा करेलीकलां ग्राम से होकर आने वाली थी।

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर शुरू की गई यात्रा में जैविक कृषि को बढ़ावा देना, नर्मदा तट पर दोनों और सघन पौध-रोपण, खुले में शौच मुक्ति, तटों पर विसर्जन कुंड निर्माण, सहायक नदियों का पुनर्जीवन और जल-संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया जा रहा है। साथ ही पन्नी का उपयोग यात्रा में पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। नशा मुक्ति के फार्म भरवाने का काम भी चल रहा है।

मुआर में नर्मदा रक्षा के लिए समिति बनाई गई है। मंच से समिति के सदस्यों के नामों की घोषणा की गयी। सदस्यों सहित सभी नागरिकों को माँ नर्मदा को प्रदूषणमुक्त रखने का संकल्प दिलवाया गया। घाट के दोनों ओर एक-एक किलोमीटर तक फलदार पौधे लगाने की सीख दी गई। बताया गया कि इसके लिए सरकार द्वारा 20 हजार रूपये प्रति हेक्टेयर की राशि तीन साल तक दी जायेगी।

यात्रा में नर्मदाष्टक और आरती के बाद जन-संवाद हुआ। जन-संवाद में मध्यप्रदेश गौ सेवा बोर्ड के अध्यक्ष स्वामी श्री अखिलेश्वरानंद, स्वामी श्री उमाचरण दास, विधायक डॉ. कैलाश जाटव, जनपद अध्यक्ष श्री संतोष दुबे, साध्वी योग माया तीर्थ, पूर्व विधायक श्री हाकम सिंह चढ़ार, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती अर्चना चौकसे, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री मोहन पटेल, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री जय नारायण शर्मा सहित क्षेत्र के प्रतिष्ठित नागरिक मौजूद थे।

सांस्कृतिक कार्यक्रम

इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों की टोलियों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। श्री लखन किरार की टीम ने लोक संगीत में पिरोई नर्मदा स्तुति की, तो श्रीमती शांति बाई चढ़ार की टोली ने बम्बुलिया की प्रस्तुति दी। बाहर से आई एक टीम ने मनोहारी गीत पर पारंपरिक शैला नृत्य का प्रदर्शन किया।

कोर ग्रुप की संरचना

यात्रा में एक 50 सदस्यीय कोर ग्रुप बनाया गया है। इसमें घाट पर यात्रा के पहुँचने पर 15-15 सदस्य का ग्रुप, चेन बनाकर नागरिकों की तीन तरफ से सुरक्षा करता है। बचे 5 सदस्य भी कोई अप्रिय घटना नहीं हो, इस पर नजर रखे रहते हैं।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश