Posted on 12 May, 2019 2:13 pm

मध्यप्रदेश में लोकसभा निर्वाचन - 2019 के चौथे चरण में आठ संसदीय क्षेत्रों में आज हुए मतदान के लिये मतदाताओं में काफी उत्साह देखा गया। खासतौर से दिव्यांग मतदाताओं ने मतदाता जागरूक अभियान के अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर संबंधित जिलों के प्रशासन द्वारा मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध करायी गयी सुविधाओं से सुगमता से मतदान किया। दिव्यांगों ने उनके लिये मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध करवायी गयी सुविधाओं के लिये निर्वाचन आयोग और संबंधित जिला प्रशासन की सराहना भी की।

मुरैना, भिण्ड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल और राजगढ़ संसदीय क्षेत्र में आज हुए मतदान के लिये दिव्यांगजनों के आत्मविश्वास एवं सम्मान की दृष्टि से कुल 48 मतदान केन्द्र दिव्यांग व्यक्तियों द्वारा संचालित किये गये थे। इन विशेष मतदान केन्द्रों पर रेम्प, व्हील चेयर, ब्रेल लिपि और दिव्यांग मित्र जैसी सुविधाएँ उपलब्ध करवायी गयीं।

दिव्यांग छोटेलाल ने वोट डालकर निभाई जिम्मेदारी

भिण्ड विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मानपुरा के मतदान केन्द्र-31 में 45 वर्षीय दिव्यांग छोटेलाल पुत्र मुन्नीलाल ने मताधिकार का उपयोग किया। दिव्यांग मित्र और दिव्यांग सहायता वाहनों की व्यवस्था से उन्हें काफी मदद मिली। छोटेलाल के साथ उनके दिव्यांग मित्र ने भी वोट डाला।

62 वर्षीय महमूद व्हील-चेयर पर बैठकर मतदान करने पहुँचे

श्योपुर क्षेत्र के मानपुर निवासी दिव्यांग 62 वर्षीय श्री महमूद व्हील-चेयर से नवीन पंचायत भवन मानपुर पर मतदान करने के लिये पहुँचे। मतदान कर वे बहुत खुश दिखायी दिये।

दिव्यांग भगोनीराम ट्राई-साइकिल से पहुँचे मतदान केन्द्र

दिव्यांग भगोनीराम ट्राई-साइकिल से और दिव्यांग संतोष कुमार ने हाथ छड़ी के सहारे दतिया के शासकीय हाई स्कूल क्रमांक-1 में पहुँचकर मतदान किया। उन्होंने कहा कि- 'सुविधाजनक रैम्प से उन्हें वोट डालने में आसानी रही।'

देवास में दिव्यांगों का था सन्नौद अनन्य मतदान केन्द्र

देवास जिले के सन्नौद मतदान केन्द्र को अनन्य मतदान केन्द्र बनाया गया था। यहाँ सभी मतदानकर्मी दिव्यांग थे। मतदान दल ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई।

दिव्यांग भी पीछे नहीं

सुसनेर विधानसभा क्षेत्र में दिव्यांगों ने व्हील-चेयर एवं ट्रायसिकल से पहुँचकर सशक्त लोकतंत्र के लिये मताधिकार का उपयोग किया। ग्राम गुदरावन के दिव्यांग दीपचन्द पाटीदार एवं तुलसीराम ने व्हील-चेयर से मतदान केन्द्र पहुँचकर मतदान किया।

दिव्यांग रामबाबू ने निभाई जिम्मेदारी

साँची विधानसभा क्षेत्र के रायसेन में मतदान केन्द्र 123 शासकीय नवीन हाई स्कूल भवन उत्तरी भाग कलेक्ट्रेट कॉलोनी, रायसेन में दिव्यांग रामबाबू ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। रामबाबू ने अपने दिव्यांग मित्र के साथ मतदान केन्द्र तक पहुँचकर आसानी से अपना वोट डाला। उन्होंने मतदान की व्यवस्थाओं के लिये निर्वाचन आयोग को धन्यवाद भी दिया।

दिव्यांग मतदाता भी पीछे नहीं रहे

सुगम मतदान की पहल को दिव्यांग मतदाताओं ने भी सार्थक किया। सीहोर जिले के ग्राम कचनारिया के 77 वर्षीय दिव्यांग छीतर सिंह ने मतदान के बाद कहा कि' 'मेरा वोट लोकतंत्र के लिये महत्वपूर्ण है। मैं दिव्यांगता को कमजोरी नहीं मानता और हर चुनाव में अपने मताधिकार का उपयोग करता हूँ।' जिले के ही ग्राम पचामा के 35 वर्षीय बबलू, ग्राम सिराड़ी की 24 वर्षीय किरण और सीहोर कस्बे की 45 वर्षीय ममता बाई की तरह अनेक दिव्यांग ने मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent