Posted on 01 Apr, 2017 7:49 pm

भोपाल : शनिवार, अप्रैल 1, 2017, 19:26 IST
 

महेश्वर से अमरकंटक तक नर्मदा सेवा यात्रा के साथ ही दोपहिया वाहन पर यात्रा कर रहे श्री कमल गिरि महाराज (तिलक बाबा) लोगों को मॉ नर्मदा के संरक्षण तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे हैं। वे एक दिन में हजारों लोगों को चंदन का तिलक लगाकर उन्हें तिलक का महत्व समझाने के साथ ही मॉ नर्मदा का धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आर्थिक महत्व भी बता रहे हैं। श्री कमल गिरि महाराज ने नांदपुर, धार में आयोजित भागवत कथा के दौरान 7 दिवस में 2 लाख से अधिक लोगों को तिलक लगाया है। एक दिन में वे हजारों लोगों को तिलक लगाते हैं। 

तिलक बाबा जब नर्मदा सेवा यात्रा चलती है तब यात्रा के पहले दोपहिया वाहन से निकलते हैं और रास्ते में पड़े काँटे और नुकीले पत्थरों को हटाते हैं। उनकी मॉ नर्मदा के प्रति अगाध आस्था है। वे लोगों को नर्मदा में गंदगी नहीं डालने, नर्मदा के किनारे शौच नहीं करने और पेड़ लगाने का संदेश देते हैं। श्री कमल गिरि महाराज 11 दिसम्बर 2016 को अपने दोपहिया वाहन से नर्मदा यात्रा पर निकले हैं और नमामि देवी नर्मदे-नर्मदा सेवा यात्रा के साथ ही चल रहे हैं। 

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश