Posted on 30 Jan, 2017 9:07 pm

 

प्रदेश में जनांदोलन बनेगा टीकाकरण
मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा 

 

भोपाल : सोमवार, जनवरी 30, 2017, 17:54 IST

 

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में टीकाकरण कार्य मिशन मोड में किया जाये। मिशन हन्ड्रेड के नाम से अभियान चलाया जाये। इसमें समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों को जोड़कर, इसे जन-आंदोलन का रूप दिया जाये। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि टीकाकरण कार्य जन-सहभागिता के साथ करवाए जाने की विस्तृत कार्य-योजना तैयार करें। श्री चौहान आज मुख्यमंत्री निवास में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री रूस्तम सिंह और मुख्य सचिव श्री बी.पी. सिंह भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएँ जितने दूरस्थ अंचलों में पहुँचेगी, स्वास्थ्य के क्षेत्र में उतने ही अच्छे परिणाम मिलेंगें। सेवाओं के विस्तार के लिये चिकित्सा केन्द्रों, चिकित्सकों की उपलब्धता को और अधिक बेहतर करने के साथ ही योजनाओं, कार्यक्रमों की प्रगति की नियमित क्रास चेकिंग भी की जाये। अच्छा काम करने वालों का सम्मान किया जाये। जिन क्षेत्रों में सामान्यत: चिकित्सक कार्य के लिये नहीं मिलते हैं, वहाँ पर उन्हें प्रोत्साहन राशि दिये जाने पर विचार किया जाये।

श्री चौहान ने कुपोषण की समस्या के समाधान के लिये स्वास्थ्य एवं महिला-बाल विकास विभाग के समन्वित रूप से प्रयास की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि समाज की सोच में परिवर्तन के भी प्रयास किये जायें। उन्होंने गतवर्ष की तुलना में मलेरिया के प्रकरणों में 30 प्रतिशत की कमी होने की जानकारी मिलने पर विभाग को बधाई दी।

बैठक में बताया गया कि एम्बुलेंस 108 और जननी एम्बुलेंस के लिये 90 सीटर एकीकृत कॉल सेंटर स्थापित किया गया है। एम्बुलेंस की जी.पी.एस. तकनीक के माध्यम से पर्यवेक्षण की व्यवस्था की गई है। जिला चिकित्सालय से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तक के औषधि भंडार की रीयल-टाइम जानकारी पब्लिक पोर्टल पर उपलब्ध करवा दी गई है। इस अवसर पर ए.एन.एम. द्वारा समुदाय में प्रदाय की जा रही सेवाओं का टेबलेट के माध्यम से रीयल टाइम संधारण एवं अनुश्रवण सॉफ्टवेयर अनमोल का डेमो भी प्रदर्शित किया गया। प्रदेश में अनमोल अप्रैल से लागू हो जायेगा। चिकित्सक एवं अन्य संवर्गों की पद पूर्ति, तकनीकी मानव संसाधन, चिकित्सा सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, कार्य आधारित मूल्याकंन, निरंतर प्रशिक्षण के किये गये कार्यों की जानकारी दी गयी।

अपर मुख्य सचिव वित्त श्री ए.पी. श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य श्रीमती गौरी सिंह, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री अशोक वर्णवाल और सचिव श्री हरिरंजन राव समीक्षा में उपस्थित थे।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश