Posted on 05 Oct, 2018 6:16 pm

 

राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज बालाघाट में अशासकीय संगठनों एवं महिला स्व-सहायता समूहों से कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ गरीबोंएवं वंचितों तक पहुँचाने में मददगार बनें। राज्यपाल ने समूहों की महिलाओं के अनुभवों को सुना और उनके कार्यों की सराहना की। इस दौरान जिला पंचयात अध्यक्ष श्रीमती रेखा बिसेन उपस्थित थीं।

श्रीमती पटेल ने कहा कि जिले से टी.बी. रोग के उन्मूलन के लिए भी काम करें। इस रोग का उपचार संभव है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को टी.बी. से पीड़ित बच्चों अन्य लोगों का संरक्षक बनकर उनके उपचार में मदद करना चाहिए।

महिलाओं ने राज्यपाल से अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि पहले उन्हें बैंक जाने में हिचक होती थी। जब से आजीविका मिशन के समूह से जुड़ी हैं, उनमें आत्मविश्वास आ गया है। अब वे हर सप्ताह 25 रुपये की राशि समूह के खाते में जमा करती हैं। जरूरत पड़ने पर मात्र 2 प्रतिशत के ब्याज पर समूह की महिला सदस्यों को उधार भी देती हैं। इससे उनका समूह ही महिलाओं के लिए बैंक बन गया है। अब समूह के पास बड़ी राशि एकत्र हो गई है। समूह की महिलायें गाँव के अन्य लोगों को भी ब्याज पर राशि उधार देने लगी हैं।

राज्यपाल श्रीमती पटेल ने जिले में आजीविका मिशन के महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को देखा और उनके द्वारा रोजगार के लिए किये जा रहे प्रयासों को सराहा। उन्होंने महिलाओं से कहा कि जागरूकता के साथ कार्य करें। अन्य महिलाओं को आत्म-निर्भर बनने के लिए प्रेरित करें।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश​

Recent