Posted on 26 Jan, 2017 6:31 pm

 

मुख्यमंत्री के संदेश का हुआ वाचन 
बढ़-चढ़कर प्रस्तुत किये बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम 
मंत्रीगण मध्यान्ह भोजन में भी हुए शामिल 

 

भोपाल : गुरूवार, जनवरी 26, 2017, 17:31 IST

 

मध्यप्रदेश में 68वां गणतंत्र दिवस 51 जिलों में पूरे उत्साह के साथ हर्षोल्लास के माहौल में मनाया गया। बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्रीय गान हुआ। स्कूल के बच्चों ने देशभक्ति पर केन्द्रित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।

सतना- जिला मुख्यालय के पुलिस परेड ग्राउण्ड में विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। मुख्य अतिथि डॉ. सिंह ने मुख्य मंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया। इस मौके पर राज्य सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं पर केन्द्रित झाँकियों का प्रदर्शन किया गया। सतना नगर के 40 स्कूल के तकरीबन 3,000 छात्रों ने सामूहिक पीटी प्रदर्शन पर सारे जहाँ से अच्छा हिन्दुस्तां हमारा... गीत प्रस्तुत किया।

रीवा-जिला मुख्यालय के एस.ए.एफ. ग्राउण्ड पर उद्योग मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। उद्योग मंत्री ने मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया। दृष्टिहीन विद्यालय के छात्रों ने मध्यप्रदेश गान प्रस्तुत किया। नगर निगम की स्वच्छता और स्वच्छ भारत मिशन पर केन्द्रित झाँकी आकर्षण का केन्द्र रही। स्कूल के छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये।

दतिया- जनसम्पर्क एवं जल संसाधन मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने 68वें गणतंत्र दिवस पर जिला मुख्यालय के पुलिस परेड ग्राउण्ड पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, मीसाबंदियों का सम्मान किया। स्कूल के बच्चों ने देश भक्ति पर केन्द्रित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं पर केन्द्रित झाँकियों का प्रदर्शन किया गया।

सागर- जिले में गणतंत्र दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह सागर के पी.टी.सी. ग्राउण्ड पर हुआ। गृह मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। उन्होंने समारोह में उपस्थित वयोवृद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान किया। सागर नगर के 23 स्कूल के 900 बच्चों ने पीटी प्रदर्शन किया। पुलिस बल, एन.सी.सी. और बैण्ड दल सहित 14 टुकड़ी ने आकर्षक मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया। गृह मंत्री श्री सिंह सागर में शासकीय प्राथमिक शाला के मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम में भी शामिल हुए।

इंदौर- देशभक्ति के जोश और जुनून के वातावरण के बीच राष्ट्रीय पर्व मनाया गया। जिला मुख्यालय के नेहरू स्टेडियम में राजस्व मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राजस्व मंत्री ने मुख्यमंत्री के संदेश को पढ़कर सुनाया। स्टेडियम में 17वीं प्लाटून ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की। पुलिस तथा होमगार्ड के बैण्ड की धुन पर आकर्षक मार्च-पास्ट हुआ। स्कूल के बच्चों ने 'भारत माता की जय' और 'गणतंत्र दिवस अमर रहे' के नारों का उदघोष किया। राजस्व मंत्री ने स्वतंत्रा संग्राम सेनानियों और मीसाबंदियों का शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया।

भिण्ड- जिला स्तरीय मुख्य समारोह में पुलिस परेड ग्राउण्ड पर नर्मदा घाटी विकास राज्य मंत्री श्री लालसिंह आर्य ने उपस्थित नागरिकों के बीच राष्ट्रीय ध्वज फहराया। मुख्य अतिथि ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान किया। समारोह में राष्ट्र गान और मध्यप्रदेश गान हुआ। राज्य मंत्री श्री आर्य ग्राम रछेड़ी में मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम में शामिल हुए। श्री आर्य ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी और कर्मचारियों को सम्मानित किया। स्कूल के बच्चों ने देशभक्ति पर केन्द्रित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।

उज्जैन- जिला मुख्यालय के दशहरा मैदान में गणतंत्र दिवस मनाया गया। ऊर्जा मंत्री श्री पारस जैन ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और परेड का निरीक्षण किया। ऊर्जा मंत्री ने शांति के प्रतीक गुब्बारे खुले आकाश में छोड़े। स्कूल के बच्चों ने देशभक्ति पूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। ऊर्जा मंत्री ने मध्यान्ह भोजन परिवहन के नये वाहनों का शुभारंभ किया। केन्द्रीय जेल भैरुगढ़ के 30 पुरुष और एक महिला बंदी को उनके अच्छे आचरण के कारण रिहा किया गया।

छतरपुर- गणतंत्र दिवस जिला मुख्यालय के बाबूराम चतुर्वेदी स्टेडियम में उत्साह के साथ मनाया गया। पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्य मंत्री श्रीमती ललिता यादव ने नागरिकों की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान किया।

ग्वालियर- एस.ए.एफ. ग्राउण्ड पर किसान कल्याण मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन ने गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और संयुक्त परेड की सलामी ली। उन्होंने शांति और खुशहाली के प्रतीक रंगीन गुब्बारे खुले आकाश में छोड़े। स्कूल के बच्चों ने देश भक्ति पर केन्द्रित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। राज्य सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं पर केन्द्रित झाँकियों का प्रदर्शन किया गया। स्वच्छ भारत मिशन की झाँकी नागरिकों में आकर्षण का केन्द्र रही।

नीमच-जिला मुख्यालय पर संस्कृति राज्य मंत्री श्री सुरेन्द्र पटवा ने गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने परेड की सलामी ली और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के संदेश को पढ़कर सुनाया। राज्य मंत्री श्री पटवा ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 115 अधिकारी, कर्मचारी, खिलाड़ी, पुलिस अधिकारी एवं प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया। राज्य सरकार के विभिन्न विभागों की 11 झाँकी का प्रदर्शन किया गया।

गुना- जिला मुख्यालय पर उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। उन्होंने नागरिकों को मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया। स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये।

विदिशा- उद्यानिकी तथा खाद्य प्र-संस्करण राज्य मंत्री श्री सूर्यप्रकाश मीणा ने गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान किया। स्कूल के बच्चों ने माँ भारती, वन्दे मारतरम् और देश भक्ति पर केन्द्रित नृत्यों की प्रस्तुति दी। राज्य मंत्री विदिशा नगर के कन्या हाई स्कूल के मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम में शामिल हुए।

मुरैना- पुलिस परेड ग्राउण्ड में बड़ी संख्या में नागरिकों के बीच नगरीय विकास और आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। श्रीमती माया सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और मीसाबंदियों का सम्मान किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रंखला में बच्चों ने सबसे पहले सामूहिक व्यायाम का प्रदर्शन किया। नगरीय विकास मंत्री ने मुरैना जिले के पर्यटन स्थलों पर केन्द्रित केलेण्डर का विमोचन किया। श्रीमती माया सिंह शासकीय शाला के मध्यान्ह भोजन के कार्यक्रम में भी शामिल हुई।

शिवपुरी- स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री रुस्तम सिंह ने जिला मुख्यालय के तात्या टोपे स्टेडियम में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर संयुक्त परेड की सलामी ली। स्वास्थ्य मंत्री ने वरिष्ठ पत्रकार और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री प्रेमनारायण नागर का शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने जिले में श्रेष्ठ कार्य करने वाले अधिकारी और कर्मचारियों को पुरुस्कृत किया।

गणतंत्र दिवस पर रतलाम, खंडवा, खरगोन, बालाघाट और मंदसौर जिला मुख्यालय पर जिला पंचायत अध्यक्षों ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश