Posted on 27 Apr, 2017 6:55 pm

भोपाल : गुरूवार, अप्रैल 27, 2017, 15:44 IST
 

 

जल-संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से देश के जल की कमी वालों क्षेत्रों में राज्य सरकारों के सहयोग से जल-संरक्षण, जल निकायों के निरंतर विकास और जल संर्वधन योजनाओं के तेजी से क्रियान्वयन के उद्देश्य से विशेष प्रयास प्रारंभ किए गए हैं। इसके अंतर्गत सागर जिले के बांदरी (मालथौन) में शुक्रवार 28 अप्रैल को पूर्वान्ह 11 बजे 'जल संरक्षण कार्यक्रम-बुन्देलखण्ड' का शुभारंभ हो रहा है।

केन्द्रीय जल-संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री सुश्री उमा भारती के मुख्य आतिथ्य में हो रहे इस कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में प्रदेश के जल-संसाधन, जनसंपर्क और संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र और गृह मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह, उत्तरप्रदेश के सिंचाई मंत्री श्री धर्मपाल सिंह और ग्राम एवं सेवा योजना राज्य मंत्री श्री मनोहरलाल मन्नु कोरी उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम के माध्यम से देश के सूखे की आशंका के क्षेत्रों में सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार लाने के लिए जल निकायों के निरंतर विकास के कार्य हाथ में लिए गए हैं। जल निकायों के पुनरूद्धार के कार्यों को राज्यों के स्तर पर भी क्रियान्वित किया जा रहा है। मध्यप्रदेश के सागर संभाग में भी जल-संसाधन क्षेत्र में लघु सिंचाई कार्यक्रमों को गति दी जा रही है। प्रदेश में गत एक दशक में सिंचाई रकबे में भी काफी वृद्धि हुई है। केन्द्र और राज्य सरकार मिलकर सिंचाई क्षेत्र में और वृद्धि के लिए प्रयासरत हैं।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश