Posted on 13 Jan, 2017 8:53 pm

 

पर्यटन विभाग की साधिकार समिति की बैठक संपन्न 

 

भोपाल : शुक्रवार, जनवरी 13, 2017, 20:18 IST

 

मुख्य सचिव श्री बसंत प्रताप सिंह की अध्यक्षता में पर्यटन विभाग की साधिकार समिति की बैठक में प्रदेश में जल पर्यटन को प्रोत्साहन देने के लिए जल-क्षेत्रों तथा जल-क्रीड़ा गतिविधियों के लिए लायसेंस प्रक्रिया का अनुमोदन किया गया।

नीति के अंतर्गत प्रदेश के जल-क्षेत्रों में निजी निवेशकों को जल-क्रीड़ा गतिविधियों के लायसेंस के लिए मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम को अधिकृत किया गया है। हाउसबोट, क्रूज, मोटर वोट और अन्य प्रकार की नावों के लायसेंस के लिए इंडियन रजिस्ट्रार ऑफ शिपिंग का प्रमाणीकरण अनिवार्य होगा। साथ ही एडवेन्चर्स स्पोर्टस और वॉटर स्पोर्टस के उपकरणों का सुसंगत राष्ट्रीय/अंतर्राष्ट्रीय मानक के अनुरूप होना आवश्यक होगा। जल-क्रीड़ा गतिविधियों को संचालित करने के लिए आवश्यक मानव संसाधन का प्रशिक्षण नेशनल इंस्टीटयूट ऑफ वॉटर स्पोर्टस गोवा अथवा पर्यटन विकास निगम द्वारा चयनित राष्ट्रीय स्तर की संस्था से करवाया जाना जरूरी होगा।

बैठक में पर्यटन गतिविधियों के लिए प्रदेश के 13 जल-क्षेत्र का अनुमोदन किया गया। इनमें इंदिरा सागर, ओंकारेश्वर, तवा, बरगी, बाण सागर, गांधी सागर, मणिखेड़ा, हलाली, चांदपाठा, चौरल, गंगऊ, बारना बाँध का जल-क्षेत्र तथा ओरछा के निकट प्रवाहित बेतवा नदी का जल-क्षेत्र शामिल है। समिति ने प्रदेश की हेरीटेज परिसंपत्तियों तथा अन्य पर्यटन गतिविधियों पर भी चर्चा की। बैठक में समिति के सदस्य सचिव और पर्यटन सचिव श्री हरिरंजन राव तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।a

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश