Posted on 23 Dec, 2016 6:37 pm

भोपाल : शुक्रवार, दिसम्बर 23, 2016, 18:32 IST
 

जनसंपर्क, जल संसाधन तथा संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दतिया में ‘‘जय किसान-जय विज्ञान’’ कार्यक्रम में सात दिवसीय कृषक प्रशिक्षण अभियान का शुभारंभ किया। कृषि विज्ञान केन्द्र, हमीरपुर में इस कार्यक्रम में किसानों को उन्नत कृषि से संबंधित तकनीकी जानकारियाँ दी गईं। कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म वर्षगांठ के पूर्व श्री वाजपेयी द्वारा कृषक हित में किए गए प्रयासों का उल्लेख किया गया। जनसंपर्क मंत्री डॉ. मिश्रा ने पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्त्तिव और कृतित्व पर केन्द्रित पुस्तक ‘विचार सुगंध’’ का विमोचन भी किया।

मंत्री डॉ. मिश्रा ने कृषि विज्ञान केन्द्र की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि गाँव-गाँव जाकर उन्नत खेती से संबंधित उपयोगी जानकारियाँ देकर किसानों की आमदनी बढ़ाने का अभियान निरंतर चलना चाहिए। राज्य सरकार वर्ष 2022 तक किसान बंधुओं की आय दोगुनी करने की दिशा में कार्य कर रही है। मंत्री डॉ. मिश्रा ने अपेक्षा की कि यह केन्द्र उन्नत बीज, उन्नत कृषि यंत्र, वैज्ञानिक मार्गदर्शन और सामयिक सलाह देकर किसानों को लाभान्वित करने का कार्य करेगा। मंत्री डॉ. मिश्रा ने कैशलेस व्यवस्था को समर्थन देने का आव्हान भी किया।

इस अवसर पर कृषि वैज्ञानिक डॉ. आर.के.एस. तोमर ने केन्द्र की गतिविधियों की जानकारी दी।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश