Posted on 01 Jun, 2016 11:31 am

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज भोपाल जिले में फंदा विकासखण्ड के तारा सेवनिया गाँव में 'ग्रामोदय से भारत उदय'' अभियान के समापन समारोह को संबोधित किया। इसका सीधा प्रसारण दूरदर्शन, आकाशवाणी सहित विभिन्न न्यूज चेनल पर किया गया। मुख्यमंत्री के संबोधन को प्रदेशभर में पंचायतों के माध्यम से ग्रामीणों ने सुना और देखा।

देवास में कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रबल सिपाहा देवास जनपद के ग्राम लोहारपीपल्या पहुँचे और ग्राम संसद में शामिल हुए। इस अवसर पर नीम बीज-रोपण पर आधारित फिल्म भी ग्रामीणों को दिखलायी गयी।

मुख्यमंत्री द्वारा सरकारी स्तर पर न्यूनतम दर पर प्याज खरीदने की घोषणा पर जिले के किसानों ने हर्ष जताया। किशनगढ़ के किसान श्री हीरालाल भायल ने कहा कि मुख्यमंत्री के 6 रुपये किलो की दर से प्याज की सरकारी खरीद करने के फैसले से उन्होंने एक बार फिर किसानों के प्रति अपने संवेदनशील होने का परिचय दिया है।

इंदौर की ग्राम पंचायत लसुड़िया परमार की ग्राम सभा में कलेक्टर श्री पी. नरहरि शामिल हुए। वहाँ मुख्यमंत्री के भाषण को ग्रामवासियों ने बड़े उत्साह से देखा और सुना। ग्राम सभा में पेंशन प्रकरण मंजूर होने और ग्रामीणजन के लिये आवास और पट्टों की घोषणा पर ग्रामवासियों ने खुशी जाहिर की।

नीमच जिला मुख्यालय के समीप आदर्श ग्राम भरभड़िया में बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने मुख्यमंत्री के संदेश को सुना। ग्रामवासियों ने मुख्यमंत्री के संदेश में जल-संरक्षण और वृक्षारोपण के संकल्प की सराहना की।

होशंगाबाद में कलेक्टर श्री संकेत भोंडवे ने ग्राम रायपुर में मुख्यमंत्री के संदेश को ग्रामवासियों के साथ सुना। उन्होंने समस्याओं को लेकर ग्रामवासियों से आमने-सामने चर्चा की। ग्राम संसद में कलेक्टर ने श्रीमती चिरोंजीबाई को विधवा पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश दिये।

रतलाम जिले के सभी ग्राम में विशेष ग्राम सभा का आयोजन सुबह 9 बजे से किया गया। इसके बाद 11 बजे से ग्रामवासियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को उत्साह से सुना और देखा। ग्राम सभा में हितग्राहीमूलक योजनाओं के लिये पात्रतानुसार हितग्राहियों की सूची का वाचन करवाया गया। ग्रामवासी श्रीमती भागवंताबाई चारेल ने कहा कि हम सरकारी योजनाओं से संतुष्ट हैं और समय पर लाभ ले पाते हैं।

शहडोल जिले में 'ग्रामोदय से भारत उदय'' अभियान के समापन पर जिले की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। सोहागपुर जनपद की ग्राम पंचायत बरतरा में कलेक्टर श्री मुकेश शुक्ला ने ग्रामीणों से चर्चा की। कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिये बच्चों को नि:शुल्क पाठ्य-पुस्तकें, गणवेश और साइकिल वितरित की गयी हैं। ग्रामीणजन ने कलेक्टर को बताया कि गाँव के 103 पात्र व्यक्ति के नाम गरीबी रेखा की सूची में जोड़े गये हैं। सात विधवा महिला को सामाजिक सुरक्षा पेंशन मंजूर की गयी है। ग्राम में 17 हितग्राही को खाद्य सुरक्षा अधिनियम के दायरे में लाया गया है। फौती नामांतरण के 41 प्रकरण में कार्यवाही की गयी है। ग्राम सभा में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के संदेश का सीधा प्रसारण ग्रामीणों ने देखा।

जबलपुर जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री के संदेश का सीधा प्रसारण सुना गया। ग्राम पंचायत सालीवाड़ा गौर के चंदन लाल महोबिया ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की इस पहल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सीधे संवाद से सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में और गति आयेगी। गाँव की शीला ठाकुर को मुख्यमंत्री की कुपोषित बच्चों को गोद लेने वाली बात अच्छी लगी। बैगा आदिवासी मुन्नालाल को 'पानी बचाओ और पौधे लगाओ'' का संदेश अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि इस पर तेजी से काम किया गया, तो पर्यावरण-संरक्षण की दिशा में सही तौर पर काम होगा।

भिण्ड जिले की छैकुरी ग्राम सभा में सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री श्री लाल सिंह आर्य और कलेक्टर श्री इलैया राजा टी. शामिल हुए। ग्रामीणों को बिजली की बचत के लिये एलईडी बल्ब के उपयोग की समझाइश दी गयी। सामान्य प्रशासन मंत्री ने कहा कि पर्यावरण-संरक्षण के लिये प्रत्येक व्यक्ति एक पेड़ लगाये। ग्राम सभा में मुख्यमंत्री के संदेश का सीधा प्रसारण सुना गया। ग्राम पंचायत के 357 पात्र हितग्राही को विभिन्न योजना का लाभ दिया गया।

मंदसौर जिले में 14 अप्रैल से प्रारंभ हुए 'ग्रामोदय से भारत उदय'' अभियान का समापन हुआ। ग्राम धमनार में हुई विशेष ग्राम सभा को कलेक्टर श्री स्वतंत्र कुमार सिंह ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान में धमनार ग्राम पंचायत को प्रदेश में मिसाल बनना चाहिये। कलेक्टर ने बताया कि धमनार को लामगरा तालाब से जोड़ने की 5116 करोड़ रुपये की सिंचाई योजना तैयार की गयी है। उन्होंने कहा कि चम्बल नदी से जिले के हर खेत में सिंचाई का पानी उपलब्ध करवाया जायेगा। कलेक्टर ने ग्रामीणों को दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की दिशा में भी समूह तैयार करने की समझाइश दी। धमनार ग्राम पंचायत ने 30 जून तक शत-प्रतिशत खुले में शौच से पूर्ण मुक्त ग्राम पंचायत किये जाने का संकल्प लिया। कलेक्टर ने जन-भागीदारी से किये जा रहे तालाब गहरीकरण का मुआयना भी किया।

शिवपुरी जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री के संदेश का सीधा प्रसारण सुना गया। जिले की करेरा जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत दिनारा की विशेष ग्राम सभा में कलेक्टर श्री राजीव दुबे शामिल हुए। पंचायत सचिव ने बताया कि 47 हितग्राही की पेंशन मंजूर हो गयी है। ग्राम पंचायत में 257 लोगों के नाम गरीबी रेखा सूची में जोड़े गये हैं। ग्राम सभा में आने वाले वर्षों में पेयजल समस्या के लिये बनायी जाने वाली योजना पर विस्तार से चर्चा की गयी।

अशोकनगर की ग्राम पंचायत तूमैन में विधायक श्री गोपीलाल जाटव शामिल हुए। ग्राम सभा में मौजूद ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का संदेश ध्यानपूर्वक सुना। विधायक ने ग्रामीणों को स्वच्छता अभियान के महत्व के बारे में जानकारी दी। ग्रामीणों की 214 समस्या का निराकरण किया गया। ग्रामीणों की माँग पर माध्यमिक शाला परिसर में हेण्ड-पम्प खनन को मंजूरी दी गयी। सरपंच श्री अवतार सिंह राजपूत ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 'ग्रामोदय से भारत उदय'' अभियान की प्रशंसा की। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि ग्राम सभा में उपस्थित रहने से व्यक्ति की स्वयं और गाँव की समस्या का हल ज्यादा अच्छे तरीके से हो सकता है।

छिन्दवाड़ा जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री का संदेश सुना गया। ग्राम सभा में मौजूद ग्रामीणों ने माना कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिये उसकी जानकारी होना जरूरी है। ग्रामीणों ने 'गाँव का पानी गाँव में'', 'खेत का पानी खेत में'' रहने के लिये जन-भागीदारी से जल-संरचनाओं का निर्माण किये जाने का संकल्प लिया। ग्रामीणों को परम्परागत फसलों के साथ उद्यानिकी फसलों को लेने की भी समझाइश दी गयी।

बड़वानी जिले की 416 ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री का संदेश सुना गया। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत को नशामुक्त करने के लिये संकल्प लिया। ग्रामीणों को एलईडी बल्ब के उपयोग के महत्व के बारे में बताया गया।

रायसेन की साँची जनपद पंचायत की पैमत ग्राम पंचायत में कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जाटव शामिल हुए। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का संदेश सुना। ग्राम पंचायत सचिव द्वारा गाँव के विकास की कार्य-योजना पढ़कर सुनायी गयी। ग्रामवासियों ने अतिक्रमण की शिकायत सामने रखी। सहमति के बाद अतिक्रमण हटाने और उस स्थान पर आँगनवाड़ी या अन्य सरकारी भवन बनाने का निर्णय लिया गया। ग्रामीणों की माँग पर शासकीय माध्यमिक शाला का उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के रूप में उन्नयन का प्रस्ताव तैयार किये जाने के निर्देश दिये गये। पैमत ग्राम पंचायत को 10 जून तक शत-प्रतिशत खुले में शौच से मुक्त किये जाने का संकल्प लिया गया।

आगर-मालवा में 'ग्रामोदय से भारत उदय'' अभियान में ग्राम पंचायत आवर में विशेष ग्राम सभा हुई। कलेक्टर श्री डी.वी. सिंह शामिल हुए। जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री के संदेश को ग्रामीणों ने ध्यानपूर्वक सुना। ग्राम पंचायत कराड़िया में ग्रामीणों ने जन-भागीदारी से तालाब के जीर्णोद्धार का संकल्प लिया और यह कार्य आज से शुरू किया।

सीहोर जिले के श्यामपुर ब्लॉक के ग्राम लालाखेड़ी में विशेष ग्राम सभा में मुख्यमंत्री का संदेश ग्रामीणों ने सुना। लालाखेड़ी नशामुक्त गाँव है। गाँव में शत-प्रतिशत किसान के पास स्वाइल हेल्थ-कार्ड है। ग्राम सभा में आवास व्यवस्था, स्वास्थ्य, पेयजल और आँगनवाड़ी के संचालन पर चर्चा हुई। निपानिया कलां में कलेक्टर डॉ. सुदाम खाड़े शामिल हुए। सचिव श्री गोपाल पटेल ने बताया कि गाँव में 2 तालाब का जीर्णोद्धार और गहरीकरण जन-भागीदारी से शुरू कर दिया गया है। निपालिया कलां 31 मई को पूर्ण रूप से खुले में शौच से मुक्त हो गयी है। ग्राम पंचायत में 9 जून को गौरव-यात्रा निकाली जायेगी।

उमरिया जिले की 234 ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का संदेश सुना गया। करकेली विकासखण्ड की ग्राम पंचायत तामान्नारा ग्राम सभा में कलेक्टर श्री अभिषेक सिंह शामिल हुए। प्रदेश में 'ग्रामोदय से भारत उदय'' अभियान में गरीबी रेखा की सूची में 2 लाख 14 हजार पात्र लोगों के नाम जोड़े गये हैं। अभियान के दौरान मुख्यमंत्री ने उमरिया जिले में स्व-सहायता समूहों के माध्यम से नल-जल योजनाओं के संचालन किये जाने की सराहना की।

श्योपुर जिले के ग्राम करियादेह ग्राम सभा में कलेक्टर श्री पी.एल. सोलंकी शामिल हुए। ग्रामीणों को राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गयी। विशेष ग्राम सभा में मुख्यमंत्री का संदेश सुना गया। बच्चों के माता-पिता को समय पर टीकाकरण करवाये जाने की समझाइश दी गयी।

धार जिले में प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष ग्राम सभा हुई। कलेक्टर श्री श्रीमन शुक्ला ग्राम बिखरौन-बूटीनाला में शामिल हुए। ग्राम सभा में सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर विशेष रूप से मौजूद थीं। विशेष ग्राम सभा में योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई। ग्राम बिखरौन में शत-प्रतिशत खुले में शौच से मुक्ति पर गौरव-यात्रा निकाली गयी।

झाबुआ जिले में 'ग्रामोदय से भारत उदय'' अभियान में विशेष ग्राम सभा में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का संदेश सुना गया। आदिवासियों ने मुख्यमंत्री की इस पहल का स्वागत किया। ग्राम सभा में जल-संरक्षण के लिये संकल्प लिया गया।

मुरैना जिले में ग्राम सभा की विशेष बैठक में ग्रामीणों को योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी गयी। ग्राम सभा में जिले में शहद उत्पादन की संभावना की जानकारी दी गयी। जिले में शहद का कुटीर उद्योग करीब 6 करोड़ रुपये का है। ग्रामीणों को बेटा और बेटी में भेदभाव न रखने की भी समझाइश दी गयी।

रीवा जिले में 'ग्रामोदय से भारत उदय'' अभियान में ग्राम सभा का आयोजन हुआ। मऊगंज जनपद की ग्राम पंचायत पताई में कलेक्टर श्री राहुल जैन शामिल हुए। ग्राम सभा में पंचवर्षीय योजना पढ़कर सुनायी गयी। ग्राम सभा में मौजूद राजधर मिश्रा, मुनीराज, महावीर, प्रेमवती और कलावती ने अभियान की प्रशंसा की। कलेक्टर ने तालाब गहरीकरण कार्य को तत्काल शुरू करने के निर्देश दिये।

पन्ना जिले में अभियान के समापन पर ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा हुई। ग्राम सभा में मुख्यमंत्री का संदेश ग्रामीणों ने सुना। जिले की 395 ग्राम पंचायत में विकास की कार्य-योजना ग्रामीणों को पढ़कर सुनायी गयी। कलेक्टर श्री शिवनारायण सिंह चौहान ग्राम पंचायत मड़ला की ग्राम सभा में शामिल हुए। ग्राम पंचायत में 56 अपात्र व्यक्ति के नाम बीपीएल सूची से काटे गये। पात्र 25 व्यक्ति के नाम सूची में जोड़े गये। पंचायत के 31 हितग्राही को सामाजिक सुरक्षा और वृद्धावस्‍था पेंशन मंजूर की गयी। विशेष ग्राम सभा में दसवीं बोर्ड की परीक्षा में पहला स्थान प्राप्त करने वाले छात्र भूपेन्द्र राय को सम्मानित किया गया।

अनूपपुर जिले में सभी ग्राम पंचायत में विशेष ग्राम सभा हुई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री के.व्ही.एस. चौधरी देवगवाँ और जमुनिहा ग्राम सभा में शामिल हुए। ग्रामीणों को जन-भागीदारी से तालाब गहरीकरण की समझाइश दी गयी। दोनों ग्राम सभा में विकास की कार्य-योजना पढ़कर सुनायी गयी।

सागर जिले में 'ग्रामोदय से भारत उदय'' अभियान में पंचायतों की विशेष ग्राम सभा में मुख्यमंत्री का संदेश सुना गया। ग्रामीणों को घर-घर में शौचालय बनाने की समझाइश दी गयी।

बुरहानपुर जिले की ग्राम पंचायतों में मुख्यमंत्री का संदेश सुना गया। कलेक्टर श्रीमती जे.पी. आईरीन सिंथिया ग्राम इच्छापुर में ग्राम सभा में शामिल हुईं। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि ग्राम सभा अधिकार के मामले में सशक्त है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की राय के बाद ही कार्य-योजना तैयार की जायेगी। सरकारी योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी गयी।

मण्डला जिले में 'ग्रामोदय से भारत उदय'' अभियान में ग्राम पंचायत में विशेष ग्राम सभा हुई। मुख्यमंत्री का सीधा प्रसारित संदेश ग्रामीणों ने ध्यानपूर्वक सुना। कलेक्टर श्रीमती मैथिल मलारी चक की ग्राम सभा में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि माह के पहले गुरुवार को प्रात: 10 बजे से ग्राम सभा का आयोजन होगा। ग्रामीणों को जल-संरक्षण का संकल्प दिलवाया गया। ग्राम सभा में एलईडी बल्ब वितरण योजना की जानकारी दी गयी।

कटनी जिले में आज ग्राम संसद आयोजित की गयी। ग्राम पंचायत कौड़िया की ग्राम सभा में कलेक्टर श्री प्रकाश जांगरे शामिल हुए। ग्रामीणों को ग्राम विकास की कार्य-योजना पढ़कर सुनायी गयी। ग्राम पंचायत में 320 आवेदन का निराकरण किया गया।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश 

Recent