Posted on 22 Nov, 2016 8:02 pm

भोपाल : मंगलवार, नवम्बर 22, 2016, 19:36 IST
 

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि गौतम बुद्ध ने मानव सभ्यता को शांति का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएँ आज भी प्रासंगिक हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज यहाँ थाइलैण्ड की राजकुमारी महा चक्री सिरिंदहोर के सम्मान में आयोजित समारोह में संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि गौतम बुद्ध के विचारों और मूल्यों के प्रसार के लिये प्रदेश के साँची में बौद्ध और भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है। मध्यप्रदेश के साँची के बौद्ध स्तूप विश्व धरोहर है। मध्यप्रदेश की विकास दर पिछले आठ वर्ष से 10 प्रतिशत से अधिक है। मध्यप्रदेश की कृषि विकास दर 20 प्रतिशत से अधिक है। प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने प्रदेश में आगमन पर थाइलैण्ड की राजकुमारी का स्वागत किया।

थाईलैण्ड की राजकुमारी महा चक्री सिरिंदहोर ने कहा कि साँची के स्तूप भव्य और ऐतिहासिक है जो देखने के बाद सहज ही मन मोह लेते हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने उन्हें शालभंजिका की प्रतिकृति भेंट की। इस अवसर पर थाइलैण्ड के राजदूत श्री चलित मनित्याकुल, सामान्य प्रशासन एवं नर्मदा घाटी विकास राज्य मंत्री श्री लाल सिंह आर्य और मुख्य सचिव श्री बी.पी. सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश