Posted on 27 May, 2019 5:09 pm

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा है कि रबी उपार्जन 2019 के तहत प्रदेश के किसानों को साढ़े 11 हजार करोड़ की राशि का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष रिकॉर्ड 73 लाख 60 हजार मीट्रिक टन गेहूँ की खरीदी की गई। श्री तोमर ने रबी उपार्जन की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को बैंकों में लंबित राशि शीघ्रता से किसानों के खाते में जमा कराने के निर्देश दिये हैं।

  खाद्य  मंत्री श्री तोमर ने कहा कि किसानों को फसल विक्रय की राशि तुरंत भुगतान के प्रयास तेजी से किया जाना चाहिए। श्री तोमर ने बताया कि इस वर्ष रबी फसलों के उपार्जन के विशेष प्रबंध किए गए थे। राज्य सरकार द्वारा खरीदी केंद्रों की संख्या में वृद्धि के साथ-साथ, इलेक्ट्रॉनिक तौल काँटों से खरीदी करने, खरीदी की पूर्व सूचना किसानों को देने और फसल राशि किसानों के खाते में ऑनलाइन अंतरित करने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। सभी खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए शीतल पेयजल और बैठक की विशेष व्यवस्था भी की गई थी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में रिकॉर्ड 9 लाख 65 हजार किसानों से 73 लाख 60 हजार मीट्रिक टन खरीदी की गई, जो एक रिकॉर्ड है। इसके एवज में कुल 13 हजार 43 करोड़ की राशि का भुगतान किसानों को किया जाना है।  खरीदी की अंतिम तिथि 25 मई थी।

 बैठक में नागरिक आपूर्ति निगम की प्रबंध संचालक श्रीमती सूफिया फारुकी उपस्थित थी।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent