Posted on 27 Jul, 2016 6:33 pm

राज्य मंत्री श्री लाल सिंह आर्य ने की मुख्य तकनीकी परीक्षक (सतर्कता) कार्यालय की समीक्षा 

भोपाल : बुधवार, जुलाई 27, 2016, 17:36 IST
 

सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री श्री लाल सिंह आर्य ने कहा है कि मुख्य तकनीकी परीक्षक सतर्कता संगठन परिणाम मूलक बने। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि संगठन को अधिकार सम्बल बनाया जाये। श्री आर्य आज मुख्य तकनीकी परीक्षक सतर्कता कार्यालय में समीक्षा कर रहे थे।

श्री लाल सिंह आर्य ने गुणवत्ता नियंत्रण के लिये प्रयोगशाला का प्रस्ताव देने को कहा। उन्होंने कहा कि गंभीर अनियमितता और पत्र भेजने के बाद कार्यवाही नहीं करने वाले लम्बित प्रकरणों को नामजद सूची बनाकर प्राथमिकता से कार्रवाई को भेजे। उन्होंने रिक्त पद की स्थिति को देखते हुए कहा कि आउटसोर्स से पद भरने की कार्यवाही की जाये।

श्री आर्य ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में 30 प्रतिशत ग्रीन बेल्ट के नियम के पालन का भी निरीक्षण किया जाये। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा किये गये काम की समीक्षा प्रतिमाह की जायेगी। इससे लम्बित प्रकरण जल्दी निराकृत होंगे। उन्होंने कहा कि संगठन सरकार की मंशा के अनुरूप काम करें। जिस उद्देश्य से संगठन का गठन किया गया, उस परिणाम को प्राप्त किया जाये।

राज्य मंत्री श्री आर्य ने संगठन के वर्ष 2015-16 के वार्षिक प्रतिवेदन का विमोचन किया। मुख्य तकनीकी परीक्षक श्री आर.के. मेहरा ने पॉवर पाइंट प्रेजेन्टेशन के जरिये संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी। राज्य मंत्री श्री आर्य ने शुरूआत में अधिकारियों का परिचय प्राप्त किया।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश