Posted on 21 Sep, 2018 12:55 pm

दीनदयाल रसोई योजना अब केवल सरकारी योजना नहीं रही। इस योजना ने सामाजिक स्वरूप धारण कर लिया है। नरसिंहपुर जिले में संचालित दीनदयाल रसोई गरीबों और जरूरतमंदों का भोजनालय बन गई है। यहाँ समाजसेवी सेवा भाव से लोगों को भोजन कराते हैं। रसोई में अब तक 3 लाख से भी अधिक लोग केवल 5 रूपये थाली में पेट भर स्वादिष्ट भोजन कर चुके हैं। यहाँ रोज करीब 450 लोग भोजन करते हैं। रसोई में प्रतिदिन पूर्वान्ह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक भोजन कराया जाता है।

नरसिंहपुर में दीनदयाल रसोई का संचालन समाजसेवी संस्था रोटरी क्लब के सहयोग से किया जा रहा है। अब शिक्षण एवं सामाजिक संस्था 'प्रयास'' भी संचालन में सहभागी बन गई है। समाजसेवी संस्था के सदस्य रसोई में सेवाभाव और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य कर रहे हैं।

दीनदयाल रसोई नरसिंहपुर के शासकीय जिला अस्पताल परिसर में संचालित की जा रही है। यहाँ जिले के दूर-दराज इलाकों से इलाज के लिए मरीज को लेकर आये परिजनों को सस्ते, स्वादिष्ट और भरपेट भोजन की सुविधा मिल जाती है। मजदूरी करने के लिए बाहर से आने वालों और स्थानीय दिहाड़ी मजदूरों को भी यहाँ भोजन मिलता है। भोजन की गुणवत्ता बहुत अच्छी है। समाज के प्रतिष्ठित लोग अपने परिजनों की स्मृति में भी दीनदयाल रसोई में गरीबों को भोजन कराते हैं। यहाँ पर बच्चों एवं बड़ों के जन्म-दिन पर भी लोगों को भोजन कराया जाता है।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश​​

Recent