Posted on 19 Oct, 2016 8:10 pm

भोपाल : बुधवार, अक्टूबर 19, 2016, 16:55 IST
 

खनिज मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि खनिज क्षेत्र में प्रदेश में अन्वेषण की दिशा में कार्य करने की आवश्यकता है। राज्य भू-वैज्ञानिक कार्यक्रम मंडल की भोपाल में 50वीं बैठक को संबोधित करते हुए श्री शुक्ल ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि निजी संस्थाओं के साथ शासकीय विभागों को भी बहुत कार्य करना हैं। अपनी क्षमताओं को बढ़ाकर ज्यादा से ज्यादा खनिजों की खोज की जाये। योजना बनाकर खनिज सर्वेक्षण एवं नीलामी कार्य करे। नीलामी के लिए ब्लॉक खोजना चुनौतीपूर्ण हैं परंतु इसे किया जाना आवश्यक है। खनिजों का पता लगाकर प्रदेश के विकास में खनिजों का दोहन किया जाना जरूरी है। मंत्री श्री शुक्ल ने जियॉलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया को बैतूल में ग्रेफाइट के भंडार की खोज करने पर बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि बैठक में यह संकल्प लें कि पूरी गति से समय का सदुपयोग करेंगे।

सचिव खनिज साधन श्री मनोहर दुबे ने कहा कि राज्य की जनता के हित में हमें अधिक से अधिक सर्वेक्षण एवं पूर्वेक्षण कार्य करने की जरूरत है। साथ ही हमारा काम परिणाममूलक होना चाहिए।

संचालक भौमिकी एवं खनिकर्म श्री विनीत आस्टिन ने बताया कि बैतूल जिले में ग्रेफाइट के 10.9 मिलियन टन भंडार अनुमानित है। इसका विस्तृत सर्वेक्षण किया जा रहा है। शीघ्र ही इस खनिज ब्लॉक के नीलामी की कार्यवाही की जायेगी। खनिज विभाग द्वारा हाल ही में पन्ना जिले में डायमण्ड खनिज ब्लॉक कंपोजिट लाइसेंस के रूप में नीलाम किया गया हैं। विभाग द्वारा धार, सतना, रीवा जिले में चार लाईम स्टोन खनिज भंडार के नीलामी की तैयारी की जा रही है। भारत सरकार द्वारा भोपाल में भारतीय खान ब्यूरो का उप-कार्यालय स्थापित किये जाने की प्रक्रिया चल रही है।

बैठक में भारतीय भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण, राष्ट्रीय खनिज विकास निगम, भारतीय खान ब्यूरो, हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड, राज्य खनिज निगम, संचालनालय भौमिकी एवं खनिकर्म के अधिकारी उपस्थित थे। इस अवसर पर खनिज मंत्री ने प्रतीक-चिन्ह भी प्रदान किये।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent