Posted on 27 Feb, 2019 12:56 pm

 

म.प्र. शासन के विधि एवं विधायी, जनसंपर्क, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, विमानन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के मंत्री तथा होशंगाबाद जिले के प्रभारी मंत्री श्री पीसी शर्मा ने होशंगाबाद जिले में बाबई एवं सोहागपुर तहसील में किसान सम्मान पत्र एवं किसान फसल ऋण माफी पत्र वितरण कार्यक्रम में किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि जय किसान फसल ऋण माफी योजना के अंतर्गत अब तक होशंगाबाद जिले के 33 हजार से अधिक किसानों का 77 करोड़ रूपये का कर्ज माफ किया जा चुका है। जिला का कोई भी किसान योजना के लाभों से वंचित नहीं रहेगा।

मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि यह प्रक्रिया निरंतर चलती रहेगी। किसानो द्वारा योजना के अंतर्गत किए गए आवेदन जैसे जैसे स्वीकृत होते जाएंगे किसानो के खातों में राशि हस्तांतरित होती जाएगी। प्रभारी मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ का यह मानना है कि हम किसानो का कर्ज माफ कर उन्हें उनका हक उन्हें दें रहे है। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत आयोजित पहले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने योजना के नाम से मुख्यमंत्री हटाकर जय किसान जोड़ने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री की यह सोच है कि अब केवल किसानों की जय होगी। उन्होने कहा कि बाबई जैसे छोटे से कस्बे में 7 करोड़ रूपये से अधिक की राशि 2400 से अधिक किसानो के खाते में आ गई है। सोहागपुर में लगभग 3.5 हजार किसानो का 9 करोड़ से अधिक का कर्ज प्रदेश सरकार द्वारा माफ किया गया है।

प्रभारी मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने के बाद श्री कमलनाथ ने सबसे पहले प्रदेश के 55 लाख किसानो का ऋण माफ करने के आदेश पर हस्ताक्षर किए थे। किसान कल्याण उनकी पहली प्राथमिकता है। किसानो का कर्ज माफ होने से उनकी क्रय शक्ति बढेगी तथा अर्थ व्यवस्था मजबूत होगी। इतनी बड़ी राशि सहकारी बैंको में आने पर किसानो को फायदा होगा। उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा अपने वचन पत्र का पालन किया जा रहा है तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वाभिमान योजना, पेंशन योजना, नर्मदा संरक्षण हेतु न्यास गठन, नर्मदा परिक्रमा पथ इत्यादि का भी अपने संबोधन में ज्रिक किया।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश​