Posted on 03 May, 2017 12:59 pm

 

कृषि महोत्सव में किसानों के खाली समय का हो रहा सदुपयोग  

 

भोपाल : बुधवार, मई 3, 2017, 19:56 IST
 

 

कृषि से चौतरफा लाभ लेने के लिए कृषि महोत्सव-2017 में 15 अप्रैल से कृषि क्रांति रथ गाँव-गाँव पहुँचकर किसानों को कृषि की नवीन एवं उन्नत तकनीक एवं विधि की जानकारी दे रहें हैं। प्रतिदिन कृषि क्रांति रथ दो ग्राम पंचायतों में पहुँचकर किसान भाई-बहनों को कृषि संबंधी जानकारी देते हैं। पूरे प्रदेश में 626 कृषि क्रांति रथ गाँव का भ्रमण कर किसानों तक जानकारी पहुँचा रहे हैं। किसान अपने खाली समय का सदुपयोग कृषि महोत्सव के माध्यम से कृषि की उत्पादकता एवं उत्पादन बढ़ाने संबंधी जानकारी प्राप्त करने में कर रहें हैं। कृषि महोत्सव में प्राप्त जानकारी को कृषि में उपयोग में लाकर किसान कम लागत में अधिक लाभ अर्जित कर सकेंगे। कृषि के साथ ही कृषि से जुड़े हुए अन्य रोजगार जैसे मत्स्य-पालन, पशु-पालन, मुर्गी-पालन, उद्यानिकी, वानिकी आदि की जानकारी भी दी जा रही है।

प्रथम बारह दिवसों में लाखों किसानों ने ली जानकारी

प्रथम बारह दिवसों में दो कृषि विज्ञान मेले एवं 62 विकासखण्ड स्तरीय संगोष्ठीय आयोजित की गयी। कृषि क्रांति रथ के माध्यम से प्रथम बारह दिवस में 13,082 ग्राम पंचायतों में सात लाख दो हजार 318 किसानों को विभिन्न तकनीकों, नवीन कृषि पद्धत्ति, नवीन बीजों,कृषि यंत्रों, सन्तुलित उर्वरक, कृषि उत्पाद, फसल चक्र परिवर्तन, कृषि वानिकी, कृषि में कम लागत, जैविक खेती, उद्यानिकी फसलों आदि की जानकारी कृषि विशेषज्ञों, प्रगतिशील किसानों तथा अधिकारियों द्वारा दी जा रही है।

किसानों को 54,977 उद्यानिकी पौधों, 69,212 वानिकी पौधे स:शुल्क तथा 2 लाख 56 हजार 861 मृदा स्वास्थ्य कार्ड नि:शुल्क वितरित किये गये।

कृषि का अभिन्न अंग पशुओं के संवर्धन एवं उन्नयन के लिए भी किसानों को जानकारी एवं सेवा दी जा रही है। बारह दिनों में 47,128 पशुओं का बाँझपन निवारण 4 लाख 13 हजार 790 पशुओं का इलाज, 5 लाख 44 हजार 736 पशुओं का टीकाकरण, 25,313 पशुओं का बधियाकरण, 8,636 कृत्रिम गर्भाधान किये गये।

बारह दिवसों में किसानों ने विशेष पोषण दिवस के रूप में 629 क्विंटल अनाज नि:शुल्क दिया।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश