Posted on 04 Jul, 2016 1:17 pm

जल संसाधन, जनसम्पर्क और संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि प्रदेश सरकार निरंतर सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कृषि को फायदे का धंधा बनाने में जल संसाधन विभाग का महत्वपूर्ण दायित्व है। अधिकारी अपने दायित्व का जिम्मेदारी पूर्वक निर्वहन करें । डॉ. मिश्रा सागर में जल संसाधन विभाग के अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि अपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं का कार्य पूर्ण करने में तेजी लायी जाये। जिन परियोजनाओं का कार्य प्रारंभ होना है उन्हें शीघ्रता से प्रारंभ किया जाये। यदि परियोजनायें पूर्ण हो गई हैं तो उनके लोकार्पण की कार्यवाही की जाये।

जल संसाधन मंत्री डॉ. मिश्रा ने केन-बेतवा लिंक परियोजना की जानकारी ली। उन्होंने बीना वृहद सिंचाई परियोजना, पंचमनगर मध्यम परियोजना सहित विभिन्न परियोजनाओं के संबंध में आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि मुख्यालय स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर परियोजनाओं को पूर्ण करने की कार्यवाही की जाये।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश 

Recent