Posted on 06 Jun, 2017 3:46 pm

भोपाल : मंगलवार, जून 6, 2017, 15:36 IST
 

गृह मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने किसानों को गुमराह करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिये है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शांति और सौहार्द्र का वातावरण बना रहे, इसके लिये पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था हो।

गृह मंत्री श्री सिंह आज मंत्रालय में गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने शांति व्यवस्था को बनाये रखने के लिये थाना स्तर पर होने वाली गणमान्य नागरिकों एवं सामाजिक कार्यकर्त्ताओं की बैठक हर माह पर आयोजित करने के निर्देश दिये।

गृह मंत्री श्री सिंह ने कहा है कि सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखी जाये। साथ ही उनके खिलाफ अपराध कायम कर कार्यवाही की जाये। उन्होंने कहा कि जहाँ अपराध बढ़े है, वहाँ थाना प्रभारी और पुलिस अधीक्षक स्वयं संज्ञान लें। श्री सिंह ने कहा कि अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ मुहिम चलाई जाये।

गृह मंत्री श्री सिंह ने सड़क दुर्घटना में वृद्धि को देखते हुए कहा कि ट्रेफिक कंट्रोल के लिये कार्य-योजना बनाई जाये। चेकिंग के दौरान नशे में वाहन चलाने वालों को पकड़ने के लिये ब्रेथ-एनालाइजर का अधिक से अधिक उपयोग किया जाये। शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलायें।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश