Posted on 18 Oct, 2016 6:48 pm

भोपाल : मंगलवार, अक्टूबर 18, 2016, 17:26 IST
 

किसानों की आय आगामी पांच वर्षों में दो गुनी करने के लिये कृषि, उद्यानिकी, डेयरी, मत्स्य पालन आदि क्षेत्रों का रोड मैप तैयार कर उसे लागू किया जायेगा। भोपाल और होशंगाबाद संभाग के जिलों का जो जिलेवार रोडमैप तैयार किया गया है, जिलों में उस पर अभी से कार्य आरंभ कर दिया जाय। इस आशय के निर्देश कृषि उत्पादन आयुक्त श्री पी.सी.मीणा ने आज भोपाल और होशंगाबाद संभाग के कृषि उत्पादन कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में दिये। बैठक में खरीफ की समीक्षा के साथ साथ रबी फसलों की तैयारी, खाद-बीज की उपलब्धता पर चर्चा की गई।

श्री मीणा ने कहा कि केवल कृषि उत्पादन बढ़ाने से किसान की आय दो गुनी नहीं होगी बल्कि साथ पशु पालन, उद्यानिकी, वानिकी सहित आय देने वाली अन्य गतिविधियों को भी बढ़ावा देना होगा। किसान को हर स्त्रोत से होने वाली आय को एक साथ जोड़े जाने पर ही उसे होने वाली वास्तविक आय का आकलन हो सकेगा। इसके लिये किये जा सके समन्वित प्रयासों का नेतृत्व सभी कलेक्टर को स्वयं करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ अऋणी किसानों को भी दिलवाना सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने किसानों के बीच फसल बीमा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।

प्रमुख सचिव कृषि श्री राजेश राजौरा ने संभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को संबोधित करते हुये कहा कि किसानों को कृषि की नवीनतम तकनीक अपनाने के लिये प्रेरित किया जाये। कृषि उत्पादन बढ़ाने में मिट्टी परीक्षण करवाकर किसानों को

उसकी जानकारी देना बहुत जरूरी है। राज्य शासन द्वारा अब मिट्टी परीक्षण हेतु मिनी लैब विकासखंड स्तर पर लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने किसानों की आयु दुगना करने के लिये फसलों का विविधीकरण, फसल प्रजाति के प्रति स्थापन, मिश्रित खेती और उर्वरकों के संतुलित उपयोग को बढ़ावा देने के संबंध में किसानों को जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कम लागत की खेती तकनीक को बढ़ाया जाय। प्रगतिशील किसानों को और जागरूक बनाया जाये साथ सामान्य किसानों का उनके साथ संवाद कराया जाय। श्री राजौरा ने भोपाल और होशंगाबाद संभाग में जैविक खेती को और प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में सहकारिता विभाग के प्रमुख सचिव श्री अजीत केसरी ने कहा कि कृषि कार्य में सहकारिता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने दोनों संभागों के सभी किसानों का किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने तथा लोन रिकवरी में अऋणी कृषकों का भी फसल बीमा बनवाने को कहा।

बैठक के प्रारंभ में भोपाल संभागायुक्त श्री अजात शत्रु श्रीवास्तव ने बताया कि वर्तमान में भोपाल संभा के किसानों की खेती से होने वाली आय प्रति हैक्टर 19200 रूपये है। इसके अगले पांच वर्षों में दुगना करने के लिये पड़त भूमि का रकबा बढ़ाया जायेगा। साथ ही माइक्रो लेविल पर सिंचाई की सुविधाएं बढ़ाई जायेंगी। वर्तमान में भोपाल संभाग में कुल 41 प्रतिशत में सिंचाई सुविधा उपलब्ध है। फसल सघनता बढ़ाने के लिये विशेष प्रयास किये जा रहे हैं

सभी जिला कलेक्टरों ने अपने अपने जिलों में कृषि आय को दुगुना करने के संबंध में बनाये गये रोडमैप तथा कृषि के क्षेत्र में किये जा रहे नवाचारों के बारे में जानकारी दी। बैठक में दोनों संभाग के जिला कलेक्टर, जिला पंचायतों के सी.ई.ओ.सहित कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent