Posted on 04 Dec, 2016 7:25 pm

भोपाल : रविवार, दिसम्बर 4, 2016, 18:38 IST
 

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज जम्बूरी मैदान पर जन-कल्याणकारी योजनाओं के प्रशिक्षण कार्यक्रम में रक्ताल्पता अर्थात एनीमिया दूर करने के लिये बालिकाओं और महिलाओं को आयरन फॉलिक एसिड की गोली खिलाकर लालिमा अभियान का शुभारंभ किया। महिला-बाल विकास मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस की पहल पर प्रारंभ हुआ यह अभियान सम्पूर्ण प्रदेश में मिशन मोड पर संचालित किया जायेगा। उल्लेखनीय है कि एनीमिया कुपोषण का एक प्रमुख कारण है। रक्त में आयरन की कमी से हीमोग्लोबिन की कमी होती है, जो कुपोषण की स्थिति निर्मित करती है। यदि माँ एनिमिक है तो बच्चा भी कम वजन का और कमजोर होगा। एनीमिया निदान के लिये किशोरी बालिकाओं और महिलाओं को आयरन और विटामिन-सी की खुराक उपलब्ध करवायी जायेगी। इसके लिये आयुर्वेद एवं होम्यापैथिक औषधियों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जायेगी। अभियान में स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय विकास, आयुष, उद्यानिकी, वन तथा स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले के साथ मिलकर महिला-बाल विकास विभाग यह अभियान संचालित करेगा।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश