Posted on 07 Sep, 2016 6:28 pm

भोपाल : बुधवार, सितम्बर 7, 2016, 18:15 IST
 

पशुपालन एवं मछली-पालन मंत्री श्री अंतरसिंह आर्य ने मत्स्य महासंघ को एक तालाब में केवल झींगा उत्‍पादन का विशेष प्रयोग करने को कहा है। श्री आर्य ने कहा कि झींगा बाजार में 800 से 1000 रुपये किलो तक बिकता है। यदि प्रयोग सफल रहा तो मत्स्य-पालकों की आमदनी में अच्छी बढ़ोत्तरी हो सकेगी। श्री आर्य ने यह निर्देश मत्स्य महासंघ की काम-काज समिति की बैठक में दिया। संचालक मत्स्योद्योग श्री ओ.पी. सक्सेना और प्रबंध संचालक मत्स्य महासंघ श्री सतीश सिलावट भी बैठक में मौजूद थे।

श्री आर्य ने मत्स्य विक्रय अनुबंधों के प्रावधानों, संघ की जुलाई, 2016 तक की मत्स्य-पालन गतिविधियों, अगले वित्तीय वर्ष के प्रस्तावित कार्यक्रम एवं लक्ष्य, पिछले वित्त वर्ष के प्रस्तावित लाभ के विभाजन एवं लाभांश वितरण आदि के संबंध में चर्चा कर निर्देश दिये। बैठक में राष्ट्रीय मत्स्यजीवी सहकारी संघ की वर्ष 2016-17 एवं 2017-18 की वार्षिक आमसभा की बैठक में भाग लेने के लिये प्रबंध संचालक या सचिव को नामांकित किया गया। राष्ट्रीय संघ टेरिटरी में मध्यप्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ शामिल हैं।

बैठक में महासंघ के भोपाल स्थित मुख्यालय भवन के नवीनीकरण पर भी चर्चा की गयी। नवीनीकरण के लिये 36 लाख की राशि स्वीकृत की गयी है। नवीनीकरण कार्य वर्षा ऋतु समाप्त होते ही आरंभ होगा। श्री आर्य ने कहा कि कार्य पारदर्शी तरीके से हो और गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाये।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश 

Recent