Posted on 06 Feb, 2018 1:44 pm

 
भोपाल : मंगलवार, फरवरी 6, 2018, 13:22 IST

 

मध्यप्रदेश में किसानों की आमदनी दोगुना करने के लिये राज्य सरकार के प्रयासों का असर किसानों की बढ़ती आमदनी के रूप में देखने को मिल रहा है। ऐसे ही किसान हैं कौशल किशोर मिश्रा। पन्ना जिले के अजयगढ़ विकासखण्ड के ग्राम सिंहपुर के हैं कौशल किशोर। इनके पास 2.63 हेक्टेयर सिंचित भूमि है जिसके अधिकांश भाग में पहले कृषि की परम्परागत फसलें लिया करते थे। केवल 0.30 हेक्टेयर भूमि में ही उद्यानिकी फसल लेते थे। परम्परागत फसलों और उद्यानिकी फसलों के छोटे रकबे होने के कारण उन्हें सब खर्च काटकर नाममात्र की बचत हो पाती थी।

किसान कौशल किशोर की उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों से चर्चा हुई। चर्चा के बाद कौशल किशोर ने उद्यानिकी फसलों में सब्जी के उत्पादन का रकबा बढ़ाया। साथ ही, एक हेक्टेयर रकबे में ड्रिप सिंचाई योजना का लाभ भी लिया। इसके बाद उनके खेत में सब्जी का उत्पादन डेढ़ गुना तक बढ़ गया है।

कौशल किशोर ने अपने खेत में ड्रिप सिंचाई का रकबा और अधिक बढ़ाया है। इसके बाद ही इन्हें आत्मा परियोजना में सर्वोत्तम सब्जी उत्पादक किसान के रूप में पुरस्कार भी मिला है। उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों ने इनकी रुचि को देखते हुए इन्हें अध्ययन भ्रमण पर भी भेजा। भ्रमण से लौटकर इन्होंने अपने खेत के दो हेक्टेयर रकबे में सब्जी और मसालों का उत्पादन शुरू किया है।

आज कौशल किशोर अपने खेत में ड्रिप सिंचाई से टमाटर, मिर्च, बैंगन आदि फसलों का भ्ररपूर उत्पादन ले रहे हैं। उद्यानिकी विभाग ने इन्हें मल्चिंग पद्धति से खेती करने के बारे में भी जानकारी दी है। वे बताते हैं कि मल्चिंग पद्धत्ति से खेती करने पर खेतों में निदाई-गुड़ाई करने की जरूरत नहीं पड़ती। किसान कौशल किशोर अब अपने क्षेत्र में आदर्श किसान के रूप में पहचान बना चुके हैं।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent