Posted on 29 Apr, 2018 5:37 am

 

ग्राम स्वराज अभियान में प्रदेश में आज आयुष्मान भारत दिवस पर ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम-सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। ग्राम-सभाओं में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय चिकित्सा सुरक्षा मिशन के अंतर्गत 5 लाख रूपये तक के कैशलेस इलाज के लिये चयनित नामों का वाचन होगा। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने सामाजिक एवं आर्थिक जनगणना-2011 में चिन्हित गरीब परिवारों की सूची ग्राम पंचायतों को उपलब्ध करा दी है। ग्राम-सभाओं में योजना का लाभ दिलाने के लिए आधार, राशन कार्ड, बढ़े हुए सदस्यों की संख्या आदि की भी जानकारी जुटाई जाएगी।

आयुष्मान भारत योजना में प्रदेश के 84 लाख परिवारों को चिन्हित किया गया है। इनमें 68 लाख शहरी और 16 लाख ग्रामीण परिवार शामिल हैं। तकरीबन 4 करोड़ से अधिक लोगों को चिकित्सा सुविधा का फायदा मिलेगा। योजना में 13 से अधिक पैकेज शामिल किए जा रहे हैं। चिन्हित हितग्राही शासकीय के साथ निजी अस्पतालों में भी इलाज करा सकेंगे। उपचार राशि सीधे अस्पताल के खाते में पहुँच जाएगी।

योजना का दायरा काफी विस्तृत है। इसमें शहरी क्षेत्र के कचरा बीनने वाले भिखारी, असंगठित क्षेत्र के मजदूर आदि को शामिल किया गया हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में भूमि होने, कच्चा मकान, मजदूर आदि लाभ लेंगे। दिव्यांग वयस्क या पुरूष विहीन मुखिया परिवार भी इस योजना में लाभान्वित होंगे। प्रीमियम के लिए 1000 करोड़ रूपये का ट्रस्ट बनाया जा रहा है। इसमें 60 प्रतिशत केन्द्र और शेष भागीदारी राज्य शासन की होगी।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश