Posted on 04 Jan, 2019 8:12 pm

 

सामान्य प्रशासन, संसदीय कार्य और सहकारिता मंत्री डॉ. गोविन्द सिंह ने मंत्रालय में अपने विभागों का कार्यभार ग्रहण किया। मंत्री डॉ. सिंह ने विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर विभागीय गतिविधियों की जानकारी ली।

मंत्री डॉ. सिंह ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता आम-जन का कल्याण है। आम नागरिकों के लिये ही नियम और कानून भी बनाए गए हैं। समाज के निर्धन तबके को न्याय मिलने में सरकार सक्रिय भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ का दृष्टिकोण स्पष्ट है। आनंद और धर्मस्व विभागों को मर्ज करने का निर्णय भी आमजन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। सर्वधर्म समभाव के सिद्धांत पर सभी का आदर हो, यह आवश्यक है। किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार सहन नहीं किया जायेगा। सहकारिता क्षेत्र में आवश्यक सुधार किये जाएंगे। इसके साथ ही श्रेष्ठ संसदीय परंपराओं के पालन पर ध्यान दिया जाएगा।

मंत्री डॉ. गोविन्द सिंह ने सामान्य प्रशासन, संसदीय कार्य और सहकारिता विभागों के अधिकारियों से संचालित कार्यों के संबंध में चर्चा की। चर्चा में अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन श्री प्रभांशु कमल, कृषि उत्पादन आयुक्त श्री पी.सी. मीना, प्रमुख सचिव सहकारिता श्री के.सी. गुप्ता, अपर सचिव संसदीय कार्य श्री राजेश गुप्ता और संचालक संसदीय विद्यापीठ श्रीमती प्रतिमा यादव शामिल रहे। प्रारंभ में अधिकारियों ने मंत्री डॉ. सिंह को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

कर्मचारी प्रतिनिधियों द्वारा स्वागत

मंत्री डॉ. गोविन्द सिंह द्वारा पदभार ग्रहण करने के बाद मंत्रालय के विभिन्न कर्मचारी प्रतिनिधियों ने भी पुष्प-गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। मंत्री डॉ. सिंह ने खेल एवं युवा कल्याण एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री जीतू पटवारी और प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री श्री अशोक वर्णवाल के साथ भी चर्चा की। मंत्री डॉ. गोविन्द सिंह ने बताया कि वे शीघ्र ही विभागों के साथ पृथक-पृथक बैठकें करेंगे।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश​