Posted on 25 Jan, 2017 6:03 pm

 

बैरियर पर लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे 

 

भोपाल : बुधवार, जनवरी 25, 2017, 17:45 IST

 

पन्ना दक्षिण वन मंडल से लगे राजस्व क्षेत्र में अवैध उत्खनन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है जो आगे भी जारी रहेगा। वर्षा ऋतु के बाद जैसे ही पत्थर खदानों में पुन: खनन कार्य प्रारंभ हुआ तो यह पाया गया कि दक्षिण पन्ना वनमंडल की वन सीमा के 250 मीटर की दूरी पर स्थित 46 स्वीकृत खदानों के साथ ही कई अन्य स्थानों पर अवैध उत्खनन कार्य भी शुरू हो गया है। दक्षिण पन्ना वन मंडल के सक्रिय मैदानी अमले ने पूरे वनक्षेत्र का सर्वे कर, 250 मीटर की परिधि में संचालित सभी अवैध खदानों की सूची बनाई गई है। पन्ना कलेक्टर श्रीमती आईरीन सिंथिया ने इस संयुक्त सीमांकन हेतु जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में रणनीति बनाई। प्रथम चरण में संयुक्त सीमांकन का कार्य राजस्व, खनिज एवं वन विभाग ने किया जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि वन सीमा के समीप स्थित स्वीकृत खदानें तय स्थान पर ही संचालित हो रही हैं। बैरियर पर सी.टी.वी. कैमरा लगा कर सतत रिकार्डिंग की जा रही है।

वन अपराधों के नियंत्रण हेतु हड़ा एवं मुडेरा बैरियर में सी.सी.टी.वी. कैमरा स्थापित किये गये हैं। बैरियर से निकलने वाले प्रत्येक वाहन की सी.सी.टी.वी. कैमरे में रिकार्डिंग की जा रही है। विशेष निरीक्षण दलों का गठन कर रात्रि में संवेदनशील क्षेत्रों की गश्त कर यह सुनिश्चित किया गया कि अवैध रूप से उत्खनित पत्थर पटिया का परिवहन न हो पाए। कलेक्टर श्रीमती आइरिन सिंथिया, डी.एफ.ओ. डॉ. अनुपम सहाय के नेतृत्व में वन अमला पूरी सक्रियता के साथ अवैध पत्थर जप्त कर रहा है। कैमुरिया तथा सिगड़ा में राजस्व, वन एवं पुलिस विभाग के अमले द्वारा तकरीबन 140 वर्गमीटर पत्थर पटिया जप्त कर मगरपुरा वन चौकी में सुरक्षित रखा गया है।

वन, राजस्व और खनिज विभाग के संयुक्त प्रयास से सीमांकन प्रक्रिया में पता चला कि वन सीमा से लगे राजस्व क्षेत्र में व्यापक पैमाने पर अवैध उत्खनन का कार्य हो रहा है। त्वरित कार्यवाही करते हुए वन-मंडल के मैदानी अमले ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अवैध परिवहन में लिप्त तीन ट्रक जप्त किये। राजस्व, वन, पुलिस एवं खनिज विभाग ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए 23 दिसम्बर को कुठरैया क्षेत्र में अवैध खदान से विस्फोटक सामग्री तथा एक ट्रैक्टर और 28 दिसम्बर को वन परिक्षेत्र पवई में अवैध परिवहन करते हुए एक ट्रक 31 दिसम्बर की मध्य रात्रि को मुड़ेरा वन चौकी, मोहन्द्रा पर स्थित वन अवरोध नाके पर वन अमले ने बालू का अवैध परिवहन कर रही तीन कैम्पर गाड़ी, 6 जनवरी को पवई परिक्षेत्र में स्थित चौपड़ा राजस्व ग्राम में एक ट्रैक्टर को वन कर्मियों ने आधी रात को जप्त किया।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश