Posted on 25 May, 2016 8:44 pm

मुख्य सचिव श्री अन्टोनी डिसा से मंत्रालय में आज अमेरिकी राजदूत श्री रिचर्ड वर्मा ने भेंट की। इस अवसर पर दूतावास के अधिकारी भी उनके साथ थे। मुख्य सचिव ने श्री रिचर्ड को मध्यप्रदेश में नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में लिए जा रहे कार्य की विस्तार से जानकारी दी।

श्री रिचर्ड को बताया गया कि मध्यप्रदेश में ऊर्जा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुआ है। वर्ष 2015-16 में देश में नवकरणीय ऊर्जा की स्थापित कुल क्षमता का 24 प्रतिशत मध्यप्रदेश में हुआ है और पवन ऊर्जा में यह हिस्सा 40 प्रतिशत रहा। नवकरणीय ऊर्जा और पवन ऊर्जा दोनों में मध्यप्रदेश वर्ष 2015-16 में देश में प्रथम था। रीवा के नजदीक विश्व का सबसे बड़ा सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने की पहल की गई है। आगामी वर्ष 750 मेगावाट क्षमता का यह अल्ट्रामेगा सोलर संयंत्र पूर्ण होगा। इससे दिल्ली मेट्रो को भी बिजली दी जाएगी। वर्ष 2021-22 में राज्य के विद्युत उत्पादन का चालीस फीसदी हिस्सा नवकरणीय ऊर्जा का रहेगा। प्रदेश में वर्तमान में 271 परियोजना में 10 हजार 681 मेगावाट विद्युत उत्पादन हो रहा है।

मुख्य सचिव श्री डिसा ने श्री रिचर्ड को जानकारी दी कि मध्यप्रदेश के 53 हजार गाँव में बिजली पहुँचाई जा चुकी है। इसके साथ ही 112 मजरे-टोलों में सौर ऊर्जा से बिजली पहुँचाने के प्रयास हुए हैं। बैठक में मुख्यमंत्री सोलर पम्प योजना की जानकारी भी दी गई।

बैठक में प्रमुख सचिव नवकरणीय ऊर्जा श्री मनु श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव उद्योग श्री मोहम्मद सुलेमान और प्रमुख सचिव ऊर्जा श्री आई.सी.पी. केसरी उपस्थित थे।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश 

Recent