Posted on 14 Aug, 2018 1:55 pm

 

वैसे तो अनार किसी बीमार व्यक्ति की सेहत के लिये फायदेमंद होता है, लेकिन वही अनार बड़वानी जिले के किसानों की आर्थिक सेहत बनाने में मददगार साबित हो रहा है।

प्रदेश में किसानों को परम्परागत फसल लेने के साथ-साथ उद्यानिकी फसलों को लेने के लिये भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। बड़वानी जिले के ग्राम सालखेड़ा के किसान ओमप्रकाश पटेल ने खेती के धंधे को और अधिक लाभकारी बनाने के लिये अनार की फसल को अपनाया है। उन्होंने अपने 6 एकड़ खेत में अनार के पौधे लगाये हैं। स्थिति यह है कि कई पौधों पर पत्तियों से अधिक अनार के फल देखे जा सकते हैं।

किसान ओमप्रकाश ने शुरूआत में अपने खेत में कम क्षेत्र में अनार की खेती शुरू की थी। अच्छे परिणाम मिलने और उद्यानिकी विभाग के मैदानी अधिकारियों से मिली सलाह के बाद उन्होंने 6 एकड़ में अनार की फसल लेना शुरू की। आज स्थिति यह है कि उन्हें अनार के एक पौधे से 45 किलो तक फल मिल रहे हैं।

ओमप्रकाश के खेत के अनार की गुणवत्ता अच्छी होने की वजह से उन्हें महाराष्ट्र के मालेगांव की मण्डी में अच्छे भाव मिल रहे हैं। उनके खेत में अनार की फसल को देखकर क्षेत्र के अन्य किसानों ने भी अनार की फसल लेना शुरू कर दिया है। बड़वानी जिला बागवानी के मामले में श्रेष्ठ जिलों में गिना जाता है। बड़वानी को राज्य-स्तरीय सम्मान भी मिल चुका है।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent