Posted on 08 Apr, 2017 6:14 pm

भोपाल : शनिवार, अप्रैल 8, 2017, 17:54 IST
 

भिण्ड जिले के अटेर और उमरिया जिले के बाँधवगढ़ विधानसभा उप-चुनाव के लिये रविवार 9 अप्रैल को मतदान होगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। इससे पहले सुबह 6 बजे मॉक-पोल होगा। उप-चुनाव को लेकर सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गयी हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। अटेर में स्थानीय पुलिस बल के अलावा केन्द्रीय पुलिस बल (सीएपीएफ) की 10 कम्पनी तैनात की गयी हैं। बाँधवगढ़ में 2 कम्पनी सुरक्षा का मोर्चा सम्हालेंगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती सलीना सिंह ने दोनों निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से बिना किसी भय के स्वतंत्र होकर मतदान करने की अपील की है। उप-चुनावों की मतगणना 13 अप्रैल को होगी।

अटेर में 21 और बाँधवगढ़ में 5 उम्मीदवार विधानसभा चुनाव मैदान में हैं। अटेर में जिन उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा, उनमें भारतीय जनता पार्टी के श्री अरविन्द सिंह भदौरिया, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के श्री हेमंत कटारे, समाजवादी पार्टी के श्री दिनेश सिंह, बहुजन मुक्ति पार्टी के श्री अंगद सिंह तथा निर्दलीय सर्वश्री रामकुमार, ओमप्रकाश दुबे, मिथलेश, कौशलेन्द्र सिंह, चतुर सिंह, ओमप्रकाश पिता जगदीश, उमेश, अनिल कुमार गोयल, विनोद कुमार, हरेन्द्र सिंह, अभिलाष सिंह, पूरन सिंह, कल्ले सिंह, अरविन्द सिंह भदौरिया पिता देवी सिंह भदौरिया, हरिभान सिंह, केशव सिंह तथा श्रीमती पुष्पा शामिल है।

बाँधवगढ़ में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की श्रीमती सावित्री सिंह, भारतीय जनता पार्टी के श्री शिवनारायण सिंह, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के श्री विजय सिंह तथा निर्दलीय श्रीमती केशकली कौल के बीच चुनाव होगा।

अटेर में 2 लाख 11 हजार 588 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इनमें एक लाख 19 हजार 170 पुरुष, 92 हजार 119 महिला तथा 2 थर्ड जेंडर है। इसके अलावा 297 सर्विस वोटर भी अपने वोट का इस्तेमाल करेंगे। अटेर का जेंडर रेशो 773 और ईपी देशो 61.37 प्रतिशत है। बाँधवगढ़ में 2 लाख एक हजार 200 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें एक लाख 4 हजार 231 पुरुष, 96 हजार 955 महिला, थर्ड जेंडर और 7 सर्विस वोटर शामिल है। बाँधवगढ़ का जेंडर देशों 930 एवं ईपी रेशो 55.94 प्रतिशत है।

ईवीएम/वीवीपीएटी

अटेर एवं बाँधवगढ़ में 1270 ईवीएम (बैलेट यूनिट) का इस्तेमाल होगा। इनमें 909 अटेर में तथा 361 ईवीएम बाँधवगढ़ उप चुनाव के लिए उपयोग की जायेंगी। बैलेट यूनिट के अलावा अटेर में 554 और बाँधवगढ़ में 356 कंट्रोल यूनिट लगायी गयी हैं।

प्रदेश में पहली बार दोनों उप चुनाव में वीवीपीएटी (VVPAT) का उपयोग होगा। कुल 830 वीवीपीएटी मशीन पारदर्शी निर्वाचन के लिए लगेंगी। अटेर में 435 और बाँधवगढ़ में 395 वीवीपीएटी लगाई जायेगी। इस प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता यह सुनिश्चित कर सकेंगे कि उन्होंने जो वोट दिया है, वह सही है।

मतदान-केन्द्र

अटेर में 288 तथा बाँधवगढ़ में 264 मतदान केन्द्र पर मतदान होगा। चिन्हित क्रिटिकल मतदान केन्द्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। अटेर में सभी 288 को क्रिटिकल मतदान केन्द्र घोषित किया गया है। बाँधवगढ़ में 264 में से 46 मतदान केन्द्र क्रिटिकल श्रेणी के हैं।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश