Posted on 06 Jun, 2017 6:50 pm

भोपाल : मंगलवार, जून 6, 2017, 18:24 IST
 

 

मध्यप्रदेश तीरंदाजी अकादमी के खिलाड़ी श्री शिवांश अवस्थी, कु. मुस्कान किरार और श्री अमित यादव आगामी ‘एशिया कप’ में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। तीनों खिलाड़ी ताईपेह में 3 से 10 जुलाई, 2017 तक आयोजित एशिया कप (स्टेज़ थ्री) में तीरंदाजी खेल का प्रदर्शन करेंगे। रोहतक हरियाणा में 1 से 4 जून तक हुए ट्रायल में अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता अर्जित की। 

भारतीय तीरंदाजी टीम में अकादमी के खिलाड़ियों के चयन पर प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शिवांश अवस्थी, मुस्कान किरार और अमित यादव को बधाई दी है। उन्होंने एशिया कप में तीरंदाजी का उत्कृष्ट प्रदर्शन पर तीनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा है कि प्रदेश के खिलाड़ी हर खेल विधा में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपना जौहर दिखा रहे है जो ये दर्शाता है कि हमारे अकादमियों के खिलाड़ियों की मेहनत के साथ उनको बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएँ उपलब्ध करा रहे हैं। संचालक खेल और युवा कल्याण श्री उपेन्द्र जैन ने भी भारतीय तीरंदाजी टीम में अकादमी के खिलाड़ियों के चयन पर हर्ष व्यक्त किया है। तीरंदाजी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक श्री रिछपाल सिंह सिलेरिया भारतीय टीम के प्रशिक्षक नियुक्त हुए है।

 

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश