Posted on 09 Nov, 2019 7:10 pm

राज्य शासन के निर्देशानुसार गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ के तर्ज पर युवा महोत्सव का आयोजन किया जायेगा। जिले में युवाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने एवं उनकी प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री टोपेश्वर वर्मा के मार्गदर्शन में ब्लॉक स्तरीय तथा जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया जायेगा। जिसके तहत 14 नवम्बर को सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर ब्लॉक स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया जायेगा। वहीं 29 नवम्बर को मेंडका डोबरा मैदान दन्तेवाड़ा तथा एजुकेशन सिटी जावंगा स्थित आडिटोरियम में जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया जायेगा। जिला स्तरीय युवा महोत्सव में ब्लॉक स्तर से चयनित प्रतिभागियों को सम्मिलित होने का अवसर प्राप्त होगा। जिला स्तर पर प्रतिभागी 27 नवम्बर तक कार्यालय खेल अधिकारी दन्तेवाड़ा में उपस्थित होकर पंजीयन करवा सकते हैं। इसके साथ ही खेल अधिकारी के मोबाईल नम्बर 094242-79086 एवं 078691-12245 पर सम्पर्क कर अपना पंजीयन करवा सकते हैं। इस आयोजन में 14 से 40 वर्ष के प्रतिभागी भी हिस्सा ले सकते हैं। युवा महोत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, एकाकी नाटक, शास्त्रीय गायन हिंदुस्तानी शैली, शास्त्रीय गायन कर्नाटक शैली, सितार वादन,बांसुरी वादन, तबला वादन, वीणा वादन, मृदंगम वादन, हारमोनियम वादन, गिटार वादन सहित शास्त्रीय नृत्य मणिपुरी, ओडिसी, भरतनाट्यम, कत्थक, कुचिपुड़ी और स्थानीय गेड़ी नृत्य, राऊत नाचा, डंडा नाचा विधाओं पर जिला स्तरीय प्रतियोगिता मेंडका डोबरा मैदान दन्तेवाड़ा में होगी। वहीं वक्तव्य कला, रॉक बैंड, पारम्परिक वेशभूषा, चित्रकला प्रतियोगिता सहित छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति पर आधारित क्विज एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन एजुकेशन सिटी जावंगा के आडिटोरियम में होगी। उक्त प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जायेगा। इस प्रतियोगिता में से गेड़ी नृत्य, राऊत नाचा, डंडा नाचा, रॉक बैंड, पारम्परिक वेशभूषा, चित्रकला प्रतियोगिता के विजयी पहले प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में हिस्सा लेंगे। राज्य स्तरीय युवा महोत्सव जनवरी 2020 में प्रस्तावित है। खेल अधिकारी दन्तेवाड़ा से मिली जानकारी के अनुसार ब्लॉक स्तरीय और जिला स्तरीय युवा महोत्सव में प्रतिभागियों को स्वयं का वाद्य यंत्र, परिधान, श्रृंगार सामग्री आदि की व्यवस्था करना होगा। प्रतिभागियों को प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए किसी भी प्रकार की यात्रा व्यय या अन्य व्यय प्रदान नहीं किया जायेगा।

साभार – जनसम्पर्क विभाग छत्तीसगढ़