Posted on 04 Aug, 2022 3:38 pm

जल संसाधन, मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से सौजन्य भेंट की। मुलाकात में केन-बेतवा परियोजना, श्रीमंत माधवराव सिंधिया बृहद सिंचाई परियोजना सहित अन्य सिंचाई परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। केन्द्रीय मंत्री श्री शेखावत ने परियोजना का कार्य जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया। मंत्री श्री सिलावट ने मध्यप्रदेश में जल-संवर्धन और संरक्षण के लिये किये जा रहे कार्यों से केन्द्रीय मंत्री को अवगत कराया।

मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वैभवशाली, शक्तिशाली, संपन्न और समृद्ध भारत का निर्माण हो रहा है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान केन्द्र सरकार के साथ मिलकर प्रदेश को आगे ले जाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास जीतने की राह पर कदम बढ़ा रही हैं।

मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों को मोदी सरकार पूरा करने की ओर निरंतर आगे बढ़ रही है। पूर्व प्रधानमंत्री श्री वाजपेयी ने वर्ष 2002 में केन-बेतवा लिंक परियोजना की आधारशिला रखी थी। इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार द्वारा 44 हजार 605 करोड़ रूपये का बजट मंजूर किया है। इस परियोजना से बुंदेलखंड में हरियाली लाने के साथ ही स्थानीय स्तर पर जनता को रोजगार भी उपलब्ध होगा। सरकार इसे तय समय-सीमा में पूरा करेगी। इसका कार्य जल्द शुरू होगा।

मंत्री श्री सिलावट ने बताया कि केन्द्रीय मंत्री श्री शेखावत के साथ करीब 6,600 करोड़ की लागत की श्रीमंत माधवराव सिंधिया बहुउद्देशीय वृहद सिंचाई परियोजना पर भी चर्चा हुई। इस परियोजना से ग्वालियर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना और भिंड जिले की पेयजल समस्या के निवारण के साथ करीब एक लाख 50 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। चंबल की नहरों में जल आपूर्ति के साथ बिजली उत्पादन भी किया जाएगा। परियोजना का डीपीआर तैयार किया जा चुका है।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent