Posted on 23 Dec, 2017 10:10 am

महाकाल की नगरी उज्जैन में पांच से सात जनवरी 2018 तक तीन दिवसीय शैव महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रतीक रूप में सभी बारह ज्योतिर्लिंगों का समागम होगा। शैव दर्शन एवं परंपरा से जुडे संत-महात्मा बड़ी संख्या में शामिल होंगे। पांच जनवरी को भव्य शोभा यात्रा के साथ इसका शुभारंभ होगा। सभी द्वादश ज्योतिर्लिंगों की प्रतिकृतियां शोभा यात्रा का मुख्य आकर्षण होंगी।

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज यहां निवास पर शैव महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि इसे भव्य आध्यात्मिक समागम बनाने में किसी प्रकार की कमी नहीं होगी। सभी संतों को आदरपूर्वक आमंत्रित किया जायेगा। उन्होने आम श्रद्धालुओं के अलावा विदयार्थियों को भी इस महोत्सव से जोड़ने के निर्देश दिये।

शैव महोत्सव 2018 के माध्यम से हिन्दू धर्म, संस्कृति एवं दर्शन पर गहन विचार-मंथन कर वर्तमान संदर्भों में इसके महत्व को प्रसारित किया जायेगा। इस दौरान विभिन्न सत्रों में आध्‍यात्मिक विषयों पर वेदाचार्यों द्वारा चिंतन होगा।

इस तीन दिवसीय शैव महोत्सव में शोभायात्रा, शैव कला संगम एवं प्रदर्शनी, वेद अलंकरण, डाक टिकट विमोचन मुख्य आकर्षण होंगे। शैव महोत्सव केन्द्रीय आयोजन समिति उज्जैन द्वारा पूरी तैयारियां की जा रही है। समिति के संरक्षक मुख्यमंत्री श्री चौहान एवं अध्यक्ष श्री माखन सिंह चौहान और उपाध्यक्ष श्री दिनेश चन्द्र हैं।

बैठक में श्री माखन सिंह चौहान, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री श्री अशोक बर्णवाल, उज्जैन आयुक्त श्री एम.बी.ओझा, कलेक्टर श्री संकेत भेंडवे महाकाल मंदिर प्रबंध समिति के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent