Posted on 09 May, 2023 1:58 pm

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरोजिनी नायडू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय की अपनी एक अलग पहचान है। महाविद्यालय प्रबंधन ने सुस्पष्ट नीति के साथ नैक ग्रेडिंग में ए+ हासिल किया है। आगामी मूल्यांकन सर्वे में निश्चित ही इस महाविद्यालय को ए++ का ग्रेड हासिल होगा। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. यादव मंगलवार को सरोजिनी नायडू कन्या शासकीय स्नाकोत्तर महाविद्यालय में माँ सरस्वती की प्रतिमा का अनावरण कर रहे थे।

मंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्तमान में भारत में महिलाओं की एक अलग पहचान बन रही है। अब ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है जहाँ महिलाओं ने अपनी उपस्थिति नहीं दर्ज कराई है। सरोजिनी नायडू कन्या महाविद्यालय ने अपने स्तर को हमेशा बरकरार रखा है। यहाँ पर महिला कमांडो, महिला बैंड आदि को देख कर मुझे प्रसन्नता हुई है। महापौर श्रीमती मालती राय, जन-भागीदारी समिति की अध्यक्ष श्रीमती भारती कुम्हरे, प्राचार्या श्रीमती शैलबाला बघेल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्राएँ उपस्थित थे। मंत्री डॉ. यादव ने महाविद्यालय स्थित सरोजिनी नायडू गैलरी का लोकार्पण और इन्वयूबेशन सेंटर एवं प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

एमवीएम कॉलेज में रक्षा एवं कूटनीतिक अध्ययन विभाग का लोकार्पण

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार को शासकीय मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय में रक्षा एवं कूटनीति अध्ययन विभाग का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय ने युवाओं को देश प्रेम की ओर प्रेरित करने का एक अच्छा प्रयास किया है। रक्षा और कूटनीतिक अध्ययन विभाग एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे युवाओं को देश की रक्षा-व्यवस्था और राष्ट्रीय हितों के प्रति पूर्ण प्रतिबद्धता को सीखने का मौका मिलेगा।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश