Posted on 03 Jan, 2023 9:01 pm

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में पंप हाइड्रो स्टोरेज साइट्स को चिन्हित कर परियोजना लगाने की कार्रवाई तेजी से करें। प्रदेश में पंप हाइड्रो स्टोरेज परियोजनाओं को बढ़ावा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान मंत्रालय में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री हरदीप सिंह डंग, मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, प्रमुख सचिव ऊर्जा श्री संजय दुबे सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश नवकरणीय ऊर्जा नीति -2022 में भंडारण परियोजनाओं को प्रोत्साहन दिया जाएगा। इसमें पंजीकरण-सह-सुविधा शुल्क, इलेक्ट्रिसिटी ड्यूटी, ऊर्जा विकास उपकर, निजी भूमि की खरीदी पर स्टांप ड्यूटी, व्हीलिंग शुल्क एवं शासकीय भूमि की खरीद में नियमानुसार रियायत दी जाएगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पंप हाइड्रो स्टोरेज साइट को केवल प्रतिस्पर्धात्मक निविदा प्रक्रिया के आधार पर आवंटित किया जाएगा। राज्य शासन के स्वामित्व वाले जलाशय पर पंप हाइड्रो स्टोरेज विकसित करने का अनुरोध प्राप्त होने पर राज्य शासन द्वारा केंद्रीय और राज्य इकाई को केस-टू-केस आधार पर आवंटन और विकास के लिए विचार किया जाएगा।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent