Posted on 27 Jan, 2020 3:48 pm

गणतंत्र दिवस पर प्रदेश के सभी जिलों में संयुक्त परेड, विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम और विकास आधारित प्रदर्शनियों के साथ विभिन्न कार्यक्रम संपन्न हुए। मंत्रियों ने आवंटित जिलों में ध्वजारोहण किया।

खंडवा : संस्कृति, चिकित्सा शिक्षा और आयुष मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ ने खंडवा जिला मुख्यालय पर स्टेडियम ग्राउण्ड में ध्वजारोहरण कर परेड की सलामी ली। डॉ. साधौ ने मुख्यमंत्री के नागरिकों के नाम संदेश का वाचन किया। इस अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। विभिन्न विभागों ने आकर्षक झाकियां प्रस्तुत की।

नरसिंहपुर : विधानसभा अध्यक्ष श्री नर्मदा प्रसाद प्रजापति ने नरसिंहपुर में हॉकी स्टेडियम ग्राउण्ड पर गणतंत्र दिवस परेड की सलामी ली। पुलिस बैंड द्वारा संगीत की धुनों के साथ गीत प्रस्तुत किये गए। सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल, होम गार्ड, एन.सी.सी. की टुकड़ियों ने परेड में हिस्सा लिया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का सम्मान किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवक सम्मानित किये गये।

होशंगाबाद : जनसम्पर्क मंत्री श्री पी.सी. शर्मा ने होशंगाबाद में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर संयुक्त परेड और मार्च पास्ट का प्रदर्शन हुआ जिसमें पुलिस, नगर सेना और एन.सी.सी के साथ ही विशेष सशस्त्र बल के जवानों ने हिस्सा लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किये। विभिन्न शासकीय विभागों ने विकास और शासकीय योजनाओं पर केन्द्रित झाकियों का प्रदर्शन किया।

सिवनी : विधानसभा उपाध्यक्ष सुश्री हिना कावरे ने सिवनी जिला मुख्यालय पर गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने शहीद बिन्दु कुमरे के माता-पिता का शाल एवं श्रीफल से सम्मान किया। कार्यक्रम में संयुक्त परेड द्वारा मार्च पास्ट देशभक्ति गीतों पर कार्यक्रम और झाँकियों का प्रदर्शन भी किया गया। श्रेष्ठ झांकियों को पुरस्कार प्रदान किये गए। कार्यक्रम में अनेक जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।

बालाघाट : खनिज साधन मंत्री श्री प्रदीप जायसवाल ने बालाघाट में राष्ट्र-ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और शासकीय योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित झांकियों का प्रदर्शन किया गया। श्रेष्ठ कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किये गये।

देवास : लोक-निर्माण मंत्री श्री सज्जन सिंह वर्मा ने देवास में गणतंत्र दिवस समारोह में ध्वजारोहण कर सलामी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ के प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। श्री वर्मा ने शांति के प्रतीक कबूतर और रंग-बिरंगे गुब्बारे खुले आसमान में छोड़े। बच्चों ने राष्टीय भावनाओं से ओत-प्रोत गीत प्रस्तुत किये। कार्यक्रम में श्रेष्ठ कार्य के लिये अधिकारी-कर्मचारी और श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिये चयनित झांकियों को पुरस्कृत किया गया।

सागर : नवीन एवं नवकरणीय, कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री श्री हर्ष यादव ने सागर में पीटीसी ग्राउण्ड में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। श्री यादव ने स्वतंत्रता सेनानियों का अभिनन्दन किया। श्रेष्ठ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिये विद्यार्थियों, पुलिस एवं एनसीसी के जवानों और उत्कृष्ट कार्य के लिये अधिकार-कर्मचारी पुरस्कृत किये गये। कार्यक्रम में जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।

आगर - मालवा: नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री जयवर्द्धन सिंह ने जिला मुख्यालय आगर-मालवा में ध्वजारोहण किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। नौ प्लाटून परेड में शामिल थीं, जिसका निरीक्षण मंत्री श्री जयवर्द्धन सिंह ने किया। स्कूली छात्रों के साथ ही नन्हें-मुन्हें बच्चों ने शारीरिक व्यायाम और मलखम्ब के कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों को मोहित कर दिया। इस अवसर पर परेड में हिस्सा लेने वाले श्रेष्ठ प्लाटून कमाण्डर पुरस्कृत किये गये। आकर्षक झांकियों को भी पुरस्कार दिये गये। मंत्री श्री जयर्द्धन सिंह ने ट्राफी प्रदान की।

सीधी : पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री कमलेश्वर पटेल ने सीधी में ध्वजारोहण किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। इस अवसर पर शहीद परिवारों को सम्मानित किया गया। जिले के 15 विद्यालयों के 1000 छात्र-छात्राओं ने एक ताल में शारीरिक व्यायाम प्रदर्शित किया। उत्कृष्ट कार्य के लिये अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र दिये गये।

निवाड़ी : वाणिज्यिक कर मंत्री श्री बृजेन्द्र सिंह राठौर ने गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। उन्होंने हर्ष फायर के बाद परेड के दल नायकों से परिचय प्राप्त किया। मंत्री श्री राठौर ने स्वतंत्रता सेनानी श्री सीताराम मानव का सम्मान किया। कार्यक्रम में ओरछा महोत्सव की झांकी भी प्रस्तुत की गई, जिसे प्रथम पुरस्कार प्राप्त है। मंत्री श्री राठौर ने सांस्कृतिक कार्यक्रम और श्रेष्ठ कार्य के लिये पुरस्कार प्रदान किये।

खरगौन : कृषि मंत्री श्री सचिन यादव ने खरगौन में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं ने गीत-संगीत पर केन्द्रित कार्यक्रम प्रस्तुत किया। जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिजन का शाल और श्रीफल से सम्मान किया गया।

दमोह : राजस्व एवं परिवहन मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत ने दमोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। मंत्री श्री राजपूत ने शासन की योजनाओं पर आधारित झांकियों की सराहना की। कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। मंत्री श्री राजपूत ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया।

शाजापुर : जल संसाधन मंत्री श्री हुकुम सिंह कराड़ा ने शाजापुर में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति की थीम पर सामूहिक नृत्‍य प्रस्तुत किये।

रायसेन : स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने रायसेन में राष्ट्रध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। डॉ. चौधरी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया। विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने 'सारे जहां से अच्छा हिन्दुस्तान हमारा' और अन्य गीतों पर रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया। परेड श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिये पुलिस, सशस्त्र बल और होमगार्ड को पुरस्कार प्रदान किये गये। झांकियों और उत्कृष्ट कार्य के लिये शासकीय सेवकों भी सम्मानित किया गया। जनसम्पर्क विभाग ने उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनी भी लगायी।

जिला कलेक्टरों ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज

जिला अनूपपुर में कलेक्टर श्री चंद्रमोहन ठाकुर ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर शांति के प्रतीक गुब्बारे छोड़े गये। देशभक्ति गीत और सांस्क्रतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। छतरपुर में कलेक्टर श्री मोहित बुंदस ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इस मौके पर स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान किया गया। बैतूल में कलेक्टर श्री तेजस्वी नायक ने गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। कटनी में कलेक्टर श्री शशि भूषण सिंह ने ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट परेड की सलामी ली। अनेक जन-प्रतिनिधि कार्यक्रम में उपस्थित थे। उमरिया में कलेक्टर स्वरोचिश सोमवंशी ने ध्वजारोहण किया और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। हरदा में कलेक्टर श्री एस. विश्वनाथन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। मण्डला में कलेक्टर श्री जगदीश चंद्र जटिया ने ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण भी किया। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये।

जिला सतना में कलेक्टर श्री सत्येन्द्र सिंह ने गणतंत्र दिवस परेड की सलामी ली। इस मौके पर करीब 3500 छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम प्रस्तुत किये। बुरहानपुरमेंकलेक्टर श्री राजेश कुमार, रतलाम में कलेक्टर रतलाम श्रीमती रूचिका चौहान, शिवपुरी में कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा और टीकमगढ़ में कलेक्टर श्रीमती हर्षिका सिंह ने राष्ट्रध्वज फहराया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों और उत्कृष्ट शासकीय सेवकों का सम्मान किया गया।

साभारजनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश​​

Recent